लुधियाना में ट्रक पार्किंग पर खूनी झड़प:लक्की और बोनी गुटों में चले ईंट-पत्थर, महिला का दावा- 5 राउंड फायरिंग हुई; पुलिस बोली- गोली नहीं चली
लुधियाना के अंबेडकर नगर इलाके में महज एक ट्रक खड़ी करने को लेकर ऐसा विवाद भड़का कि पूरी गली ही जंग के मैदान में तब्दील हो गई। पार्किंग को लेकर लक्की और बोनी गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। दोनों गुटों के बीच जमकर लात-घूंसे और ईंट-पत्थर चले, जिससे पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। मामले को लेकर एक पक्ष की ओर से गोलियां चलने का दावा किया गया है, जिसने इलाके में खौफ और बढ़ा दिया। हालांकि, सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची मॉडल टाउन पुलिस ने फायरिंग की बात को सिरे से खारिज कर दिया है। गालियों से शुरू हुई बात, ईंट-पत्थरों तक पहुंची प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गली में कार पार्क करने को लेकर लक्की और बोनी नाम के युवकों के बीच शुरुआत में तीखी बहस हुई थी। बात इतनी बिगड़ गई कि दोनों तरफ से गालियां शुरू हो गईं। कुछ ही पलों में दोनों गुटों के समर्थक इकट्ठा हो गए और हाथापाई शुरू हो गई। विवाद ने इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से एक-दूसरे पर जमकर ईंट-पत्थर बरसाए गए, जिससे लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। पत्नी का आरोप- मेरे पति पर जानलेवा हमला हुआ, 5 फायर किए इस हिंसक झड़प में एक नया मोड़ तब आ गया जब एक पक्ष की महिला ने दूसरे गुट पर फायरिंग का गंभीर आरोप लगा दिया। मामले की जानकारी देते हुए ममता नाम की महिला ने बताया कि गली में गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में उनके पति पर जानलेवा हमला किया गया है। ममता ने आरोप लगाया है कि बोनी और उसके साथियों ने उन पर हमला किया और दहशत फैलाने के लिए 5 राउंड फायरिंग भी की। इस गोलीकांड की खबर फैलते ही इलाके में दहशत और गहरी हो गई। SHO मॉडल टाउन का खुलासा- गोली चलने की बात अफवाह इलाके में बवाल और गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम तुरंत हरकत में आया। बिना वक्त गंवाए थाना मॉडल टाउन के SHO अपनी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हालात पर काबू पाया। SHO ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जांच में यह बात पूरी तरह से साफ हो गई है कि लक्की और बोनी के बीच पार्किंग के मुद्दे को लेकर यह आपसी हिंसक झड़प हुई है। उन्होंने फायरिंग की अफवाहों पर पूर्ण विराम लगाते हुए स्पष्ट किया, मौके पर गोली चलने या फायरिंग होने का कोई भी सबूत या खोल बरामद नहीं हुआ है। 5 राउंड फायर होने की बात एक अफवाह है, जिसका वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं है। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है और हालात काबू में हैं। मॉडल टाउन पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही गली और आसपास के घरों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा है, ताकि यह साफ हो सके कि झगड़े की असली शुरुआत किसने की और ईंट-पत्थर किसने चलाए। पुलिस ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा है कि शहर का माहौल खराब करने और दहशत फैलाने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Source link

