लुधियाना में सड़क किनारे मिला युवक का शव:पहचान नहीं हुई; गर्मी या अटैक से मौत की आशंका,72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवाया
लुधियाना के मॉडल टाउन इलाके में स्थित त्रिकोणी पार्क के पास गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने युवक को सड़क किनारे जमीन पर पड़ा देखा। उसने काले रंग की पैंट और डब्बीदार शर्ट पहन रखी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह जब लोगों की नजर युवक पर पड़ी तो उन्होंने उसे उठाने और उसकी हालत जांचने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद लोगों ने तुरंत थाना मॉडल टाउन पुलिस को सूचना दी। शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। थाना मॉडल टाउन की एसएचओ गुरशिंदर कौर ने बताया कि सुबह पुलिस को एक व्यक्ति के सड़क पर पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जांच की गई। मृतक की पहचान के लिए आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई गई, लेकिन अभी तक उसके बारे में कोई सुराग नहीं मिला है। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत गर्मी या अचानक आए किसी अटैक के कारण हुई हो सकती है। हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक की पहचान के लिए 72 घंटे तक शव को सुरक्षित रखा जाएगा। साथ ही पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और पहचान के प्रयास जारी हैं।
Source link

