शिमला में BJP कोर ग्रुप की बैठक:मिशन-2027 पर मंथन, बिंदल ने राम मंदिर पर कांग्रेस को घेरा, कहा- कथनी-करनी का अंतर समझती है जनता
हिमाचल प्रदेश भाजपा की कोर ग्रुप बैठक मंगलवार को शिमला के चक्कर स्थित पार्टी मुख्यालय ‘दीप कमल’ में शुरू हुई। बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति तैयार करने पर मंथन किया जा रहा है। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल कर रहे हैं। इसमें प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह-प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर सहित प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता और संगठन के प्रमुख पदाधिकारी शामिल हैं। कार्ययोजना तय किए जाने की संभावना बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने, सदस्यता अभियान, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। कांग्रेस सरकार के खिलाफ आंदोलन की रणनीति और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर भी आगामी कार्ययोजना तय किए जाने की संभावना है। अभी से संगठनात्मक तैयारियां शुरू भाजपा ने 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अभी से संगठनात्मक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी का फोकस कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, जनसंपर्क अभियान तेज करने और सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की रणनीति पर रहेगा। राम मंदिर मुद्दे पर कांग्रेस की आलोचना बैठक से पहले, डॉ. राजीव बिंदल ने राम मंदिर मुद्दे पर कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक राम मंदिर निर्माण का विरोध किया, लेकिन अब वह राजनीतिक लाभ के लिए भगवान श्रीराम के प्रति आस्था दिखा रही है। बिंदल ने कांग्रेस की इस बदलती नीति को अवसरवादी राजनीति करार दिया और कहा कि जनता उसकी कथनी और करनी का अंतर भली-भांति समझती है।
Source link

