सरगुजा संभाग में बारिश का पूर्वानुमान, छाए घने बादल:सोमवार को कई इलाकों में बारिश, हवाई सेवा प्रभावित, गाज से तीन की मौत
सरगुजा संभाग के मानसून की एंट्री के एक सप्ताह बाद मानसूनी बारिश शुरू हो गई है। सोमवार को सरगुजा संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई है। मौसम खराब होने के कारण सोमवार को दिल्ली से बिलासपुर होते हुए अंबिकापुर पहुंची एलायंस एयर की फ्लाइट की लैंडिंग नहीं हो सकी। सोमवार शाम सरगुजा में गाज गिरने से दो बच्चों समेत तीन की मौत हो गई। सरगुजा संभाग में मानसून की एंट्री 23 जून को हो गई थी। कोरिया जिले को छोड़कर शेष जिलों में मानसून पहुंचने के बाद भी बारिश कुछ इलाकों में ही हुई है। एक सप्ताह से संभाग मुख्यालय में बारिश नहीं हो सकी है। अंबिकापुर में लगातार तीन दिनों से बादल छाए हुए हैं। सोमवार को सरगुजा संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई है। सरगुजा जिले के लखनपुर, उदयपुर, लुंड्रा, बतौली, सीतापुर, मैनपाट इलाकों में तेज हवाएं चलने के साथ बारिश भी हुई। बलरामपुर एवं सूरजपुर जिलों में कई स्थानों पर अच्छी बारिश हुई। सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गा्रम डुमरी में आम पेड़ पर गाज गिरने से सागर (5 वर्ष), रानी (9 वर्ष) और राम साय (36 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सागर की बड़ी बहन (12 वर्ष) श्रद्धा झुलस गई। खराब मौसम से हवाई सेवा प्रभावित
सोमवार को दिल्ली से बिलासपुर होकर अंबिकापुर पहुंची एलायंस एयर की फ्लाइट खराब मौसम के कारण दरिमा एयरपोर्ट पर लैंड नहीं हो सकी। फ्लाइट वापस बिलासपुर पहुंची, जहां अंबिकापुर के यात्रियों को उतारा गया। वहीं अंबिकापुर से दिल्ली यात्रा करने के लिए 30 से अधिक यात्रियों को अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ी। बताया गया है कि खराब मौसम के कारण रन-वे नहीं दिखने के कारण फ्लाइट को डायवर्ट करने का निर्णय लिया गया। संभाग में बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को संभाग के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में कमजोर सिस्टम के कारण मानसून आगे नहीं बढ़ पा रहा है। इसके कारण बारिश नहीं हो रही थी। मौसम विज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि सरगुजा संभाग के अधिकांश इलाकों में मंगलवार एवं आगामी दिनों में बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम बन रहा है, जिससे मानसून की गतिविधियां बढ़ेंगी।
Source link

