सिमडेगा में कार-स्कूटी में टक्कर, तीन की मौत:मृतकों में दो महिलाएं-एक बच्ची शामिल, स्कूटी को टक्कर मारने के बाद कार पेड़ से टकराई
सिमडेगा के ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के टुकूपानी में एक कार और स्कूटी की भीषण टक्कर में दो महिलाओं और एक बच्ची सहित तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, टापूडेगा निवासी गीता देवी अपनी स्कूटी पर एक बच्ची और एक अन्य महिला को लेकर कोनमेजरा की ओर जा रही थीं। इसी दौरान, सिमडेगा से राउरकेला की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार कार ने टुकूपानी के पास गलत दिशा में आकर स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया टक्कर के बाद कार सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसे में स्कूटी सवार गीता देवी, बच्ची संजीता कुमारी और मंगरी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने गीता देवी को मृत घोषित कर दिया। इलाज के दौरान बच्ची संजीता कुमारी ने भी दम तोड़ दिया। कुछ देर बाद, तीसरी घायल महिला मंगरी देवी की हालत बिगड़ने पर उन्हें रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी भी मौत हो गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और स्कूटी को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सिमडेगा से आ रही तेज रफ्तार कार के चालक ने नियंत्रण खो दिया था, जिसके कारण वह गलत दिशा में चला गया और स्कूटी को टक्कर मार दी। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। तीनों शवों का पोस्टमॉर्टम शुक्रवार को कराया जाएगा।
Source link

