सूरजपुर में आपदा से निपटने की तैयारी तेज:केनापारा पोखरी में हाई-टेक मॉक ड्रिल, कलेक्टर रेना जमील ने किया निरीक्षण
सूरजपुर जिला प्रशासन ने मानसून के दौरान संभावित बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को ग्राम पंचायत केनापारा स्थित पोखरी में बाढ़ बचाव एवं अग्निशमन दल द्वारा एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कलेक्टर रेना जमील स्वयं इस कार्यक्रम में उपस्थित रहीं। उन्होंने बचाव कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों तथा बचाव दल का उत्साहवर्धन किया। एक व्यक्ति के डूबने की सूचना पर मॉकड्रिल मॉक ड्रिल के दौरान, पोखरी में एक व्यक्ति के डूबने की काल्पनिक सूचना दी गई। इस पर राहत एवं बचाव दल ने तत्काल कार्रवाई की। टीम मोटरबोट, प्रशिक्षित गोताखोरों और आधुनिक बचाव उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। निर्धारित मानकों के अनुरूप अभियान चलाते हुए, टीम ने कुछ ही समय में डूब रहे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान बचाव कार्यों में उपयोग होने वाले उपकरणों का प्रदर्शन भी किया गया और उनकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई। गांव वालों को बताया कि कैसे बचना है विशेषज्ञों ने मॉक ड्रिल के माध्यम से उपस्थित ग्रामीणों को बताया कि आपदा की स्थिति में घर में उपलब्ध सामान्य संसाधनों का उपयोग कर प्रारंभिक बचाव कैसे किया जा सकता है। साथ ही, लोगों को घबराने के बजाय संयम बनाए रखने, प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और समय पर सूचना देने की सलाह दी गई।
Source link

