खरगोन में 4291 किसानों ने कराया गेहूं खरीदी का पंजीयन:महेश्वर में अब तक 1154 और खरगोन में सबसे कम 36 रजिस्ट्रेशन हुए
खरगोन जिले में रबी उपार्जन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए अब तक 4291 किसानों ने पंजीयन कराया है। जिले में इस बार 1.55 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की फसल बोई गई है। प्रशासन का कहना है कि पंजीयन की प्रक्रिया लगातार जारी है और किसानों में अच्छा उत्साह देखा जा रहा है। 2585 रुपए प्रति क्विंटल तय हुआ एमएसपी इस वर्ष सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। यह दर पिछले वर्ष की तुलना में 160 रुपये अधिक है। बढ़े हुए समर्थन मूल्य से किसानों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है। ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया 7 फरवरी से शुरू हो चुकी है और 7 मार्च तक चलेगी। किसान निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन स्थानीय सेवा सहकारी संस्थाओं और कियोस्क सेंटरों के माध्यम से किया जा रहा है। 70 खरीदी केंद्र बनाए गए जिला आपूर्ति अधिकारी एचएस मुवेल ने बताया कि जिले में गेहूं उपार्जन के लिए कुल 70 खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं ताकि खरीदी के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। पंजीयन के लिए जरूरी दस्तावेज किसानों को पंजीयन के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक और चालू सीजन के पटवारी द्वारा सत्यापित गेहूं रकबा विवरण प्रस्तुत करना अनिवार्य है। बिना दस्तावेजों के पंजीयन मान्य नहीं होगा। पिछले 20 दिनों में हुए पंजीयनों में महेश्वर तहसील में सबसे ज्यादा 1154 किसानों ने पंजीकरण कराया है। वहीं खरगोन नगर तहसील में सबसे कम 36 किसानों ने पंजीयन कराया है। अन्य तहसीलों की बात करें तो बड़वाह में 735, सनावद में 572, भीकनगांव में 443, कसरावद में 402, गोगावां में 284, झिरन्या में 216, भगवानपुरा में 226, खरगोन तहसील में 143 और सेगांव में 80 किसानों ने अब तक पंजीयन कराया है। प्रशासन का कहना है कि अंतिम तिथि नजदीक आते-आते पंजीयन संख्या और बढ़ने की संभावना है। किसानों से समय रहते पंजीयन कराने की अपील की गई है ताकि खरीदी के समय किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
Source link

