एटीएम में ठगी करने वाला रंगेहाथ गिरफ्तार:मशीन में टिन का बॉक्स लगाकर फंसाए थे पैसे, ग्राहक के खाते से कटे पैसे, मशीन से नहीं निकले
धनबाद के केंदुआडीह थाना क्षेत्र में एटीएम से धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी एटीएम मशीन में छेड़छाड़ कर ग्राहकों के पैसे फंसाकर ठगी करता था। यह मामला केंदुआडीह थाना क्षेत्र के कुसतौर स्थित एसबीआई के गार्ड रहित एटीएम से सामने आया है। पुलिस ने तेतुलमारी थाना क्षेत्र निवासी धीरज कुमार पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। ग्राहक के खाते से कटे पैसे, मशीन से नहीं निकले केंदुआडीह थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर प्रमोद पांडेय ने बताया कि कुसतौर स्थित एसबीआई एटीएम में पिछले कुछ दिनों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। इसी बीच महफूज आलम नामक व्यक्ति एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे। उन्होंने जब पैसे निकाले तो उनके खाते से राशि कट गई, लेकिन मशीन से रुपए बाहर नहीं निकले। इस पर उन्होंने आसपास मौजूद लोगों को इसकी जानकारी दी। इसी दौरान कुछ देर बाद धीरज कुमार पासवान नाम का युवक एटीएम पहुंचा और मशीन से फंसे हुए पैसे निकालने की कोशिश करने लगा। लोगों को उस पर शक हुआ और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। इसके बाद लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। कैश डिस्पेंसर में टिन का बॉक्स लगाया पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने एटीएम मशीन के कैश डिस्पेंसर स्लॉट में टिन का एक छोटा बॉक्स लगा रखा था। इस बॉक्स को काले रंग के टेप से ढक दिया गया था, जिससे यह आसानी से दिखाई नहीं देता था। जब कोई ग्राहक पैसे निकालता था तो नोट मशीन से बाहर आने के बजाय उसी बॉक्स में फंस जाते थे। इसके बाद आरोपी कुछ देर बाद मौके पर पहुंचकर उस बॉक्स में फंसे पैसों को निकाल लेता था। इस तरह वह कई लोगों के साथ ठगी की योजना बनाकर बैठा था। मोबाइल, एटीएम कार्ड और उपकरण बरामद पुलिस ने आरोपी धीरज कुमार पासवान के पास से एक मोबाइल फोन, एक अन्य व्यक्ति का एटीएम कार्ड और धोखाधड़ी में इस्तेमाल किया गया टिन का बॉक्स बरामद किया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी अकेले इस गिरोह को चला रहा था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। इंस्पेक्टर प्रमोद पांडेय ने बताया कि लोगों को एटीएम से पैसे निकालते समय सतर्क रहने की जरूरत है। अगर मशीन से पैसे नहीं निकलें या कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो तुरंत बैंक या पुलिस को इसकी सूचना देनी चाहिए।
Source link

