लुधियाना में 2 बलेनो कार की सामने से टक्कर:एक बेकाबू होकर पलटी, दूसरी मेडिकल स्टोर में घुसी; दुकान के शीशे टूटे
लुधियाना के श्री राधा कृष्ण मंदिर के पास गुरुवार रात एक सड़क हादसा हो गया। यहां दो बलेनो कार आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। जबकि, दूसरी कार सीधे मेडिकल स्टोर से जा टकराई। इस हादसे में शुक्ला मेडिकल स्टोर को काफी नुकसान पहुंचा है। दुकान के मालिक अमन शुक्ला ने बताया कि शाम 8 बजे अचानक एक जोरदार धमाका हुआ और शीशे टूटने की आवाज आई। जब उन्होंने बाहर जाकर देखा तो एक सफेद बलेनो कार दुकान के बाहर पलटी हुई थी। इस टक्कर के कारण दुकान के सामने के शीशे पूरी तरह चकनाचूर हो गए और गाड़ी के शीशे भी टूट गए। हादसे के वक्त गाड़ी में एक व्यक्ति सवार था। पुलिस की कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही DMC चौकी से ASI बलदेव सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, यह घटना रात करीब 8 बजे की है। दो बलेनो कारों के बीच आपस में टक्कर हुई थी जिसके बाद एक गाड़ी पलट गई। पुलिस ने दोनों गाड़ियों को कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। ASI ने कहा कि फिलहाल जांच जारी है और जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। ASI ने कहा कि गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन संपत्ति और वाहन का काफी नुकसान हुआ है। पुलिस अब आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे के असली कारणों का पता लगाया जा सके।
Source link

