बस की चपेट में आया युवक, इलाज के दौरान मौत

बस की चपेट में आया युवक, इलाज के दौरान मौत




भास्कर न्यूज | जांजगीर नवागढ़ क्षेत्र के राछाभाटा चौक में शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। शनिवार सुबह लगभग 7 बजे सिंह बस सर्विस की बस (सीजी 10 बीआर 7041) शिवरीनारायण से चिरमिरी की ओर जा रही थी। बस नवागढ़ बस स्टैंड से निकलकर राछाभाटा चौक पहुंची ही थी कि सेमरा की ओर से आ रहे बाइक सवार पिंटू टंडन (18 वर्ष) बस के पिछले चक्के की चपेट में आ गए। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ पहुंचाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बिलासपुर के निजी अस्पताल रेफर किया, जहां इलाज के दौरान रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। बताया गया कि पिंटू टंडन किसी रिश्तेदार के घर जा रहा था, तभी चौक पर हादसे का शिकार हो गया। पुलिस ने बस जब्त कर नवागढ़ थाना परिसर में खड़ा कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। 8 माह में 4 दुर्घटनाएं: नवागढ़ का राछाभाटा चौक लगातार सड़क हादसों का हॉटस्पॉट बन गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले आठ महीनों में यहां चार बड़े हादसे हो चुके हैं, जिनमें लगभग 12 लोग घायल हुए और हाल ही में एक युवक की जान चली गई। लोगों का कहना है कि चौक की संरचना ही दुर्घटना का बड़ा कारण है। चारों दिशाओं से आने वाले मार्ग इस तरह जुड़ते हैं कि एक दिशा से आता वाहन दूसरी दिशा से साफ नजर नहीं आता। जांजगीर से नवागढ़ आने वाला मार्ग, केरा की ओर जाने वाला रास्ता और कोटिया मार्ग इसी चौक पर मिलते हैं, जिससे वाहन चालकों को दूसरी दिशा से आने वाले वाहनों का अंदाजा नहीं हो पाता और हादसे हो जाते हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!