करनाल में भाजपा पर दीपेंद्र हुड्डा का हमला:बोले-राज्यसभा चुनाव में भाजपा ने अपनाए अनैतिक हथकंडे, कर्मवीर बौद्ध की जीत को बताया सच की जीत

करनाल में भाजपा पर दीपेंद्र हुड्डा का हमला:बोले-राज्यसभा चुनाव में भाजपा ने अपनाए अनैतिक हथकंडे, कर्मवीर बौद्ध की जीत को बताया सच की जीत




करनाल जिला के इंद्री में आयोजित जनसभा में पहुंचे कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चुनाव में अनैतिक तरीकों का इस्तेमाल किया गया और कांग्रेस के विधायकों को प्रभावित करने की कोशिश हुई। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने क्रॉस वोटिंग, खरीद-फरोख्त और दबाव की राजनीति को लेकर खुलकर बयान दिया और कहा कि जल्द ही सभी सच्चाई सामने आएगी। क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों पर कार्रवाई की बात
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस के पांच ऐसे विधायक सामने आए हैं जिन्होंने क्रॉस वोटिंग की है। उनके नाम और पूरी रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे सभी नाम सार्वजनिक किए जाएंगे और पार्टी स्तर पर कार्रवाई भी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने कांग्रेस उम्मीदवार कर्मवीर बौद्ध को हराने के लिए बड़ी साजिश रची। उन्होंने कहा कि गरीब परिवार से आने वाले उम्मीदवार को रोकने के लिए सत्ता का दुरुपयोग किया गया और लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश हुई। साम, दाम, दंड, भेद का किया इस्तेमाल
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में हर तरीका अपनाया गया। उनके अनुसार शायद ही कोई विधायक बचा होगा जिसके पास भाजपा की ओर से कॉल न गई हो। बड़े नेताओं द्वारा विधायकों को ऑफर दिए गए, खरीद-फरोख्त की कोशिश हुई और जहां बात नहीं बनी वहां दबाव और धमकियां दी गईं। उन्होंने कहा कि जिन विधायकों पर पहले से केस दर्ज हैं, उन पर ज्यादा दबाव बनाया गया। इसके बावजूद जब बात नहीं बनी तो धक्का-मुक्की जैसे हालात भी बने। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। परमवीर की वोट को बताया वैध
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि परमवीर की वोट को गलत तरीके से इनवैलिड कर दिया गया, जबकि वह पूरी तरह वैध थी। उन्होंने मांग की कि उस वोट का वीडियो प्रदेश की जनता को दिखाया जाना चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव में जिस तरह वोटों में गड़बड़ी की कोशिश हुई थी, उसी तरह यहां भी विधायकों की वोट को प्रभावित करने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद जीत सच और ईमानदारी की हुई है। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि तमाम दबाव और ताकतों के बावजूद कांग्रेस उम्मीदवार कर्मवीर बौद्ध जीत हासिल की और दिल्ली जाकर राज्यसभा में शपथ लेंगे। उन्होंने इसे सच्चाई और लोकतंत्र की जीत बताया। गद्दारी करने वालों को जनता देगी जवाब
उन्होंने कहा कि जिन विधायकों ने पार्टी के साथ गद्दारी की है, उन्हें जनता जवाब देगी। वहीं जो विधायक कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़े रहे, उनका सम्मान भी जनता द्वारा किया जाना चाहिए। रामचंद्र गुर्जर के इस्तीफे पर बोले
रामचंद्र गुर्जर के इस्तीफे के सवाल पर दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि उन्होंने पार्टी कार्रवाई से पहले ही इस्तीफा दे दिया। उन्होंने यह भी कहा कि नारायणगढ़ से विधायक शैली ने भी क्रॉस वोट किया है। ऐसे सभी लोगों को खुद आगे आकर इस्तीफा देना चाहिए। जिन्होंने पार्टी के साथ गद्​दारी की है उनको इस्तीफा दे देना चाहिए। इनेलो पर भी साधा निशाना
दीपेंद्र हुड्डा ने इनेलो पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा ने एक सप्ताह पहले ही इनेलो को साफ कहा था कि अगर वे भाजपा और कांग्रेस दोनों के खिलाफ हैं तो सार्वजनिक रूप से घोषणा करें कि वे वोट नहीं डालेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि इनेलो ने बार-बार प्रेस कांफ्रेंस का समय बदला। पहले अगले दिन, फिर वोटिंग के दिन 12 बजे, फिर 2 बजे और बाद में 3 बजे का समय बताया। जब उन्हें यह साफ हो गया कि कांग्रेस उम्मीदवार को 30 से ज्यादा वोट मिल चुके हैं और उनकी रणनीति सफल नहीं हो रही, तो वे पीछे हट गए। बी टीम होने का लगाया आरोप
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि इनेलो ने अंत में साढ़े तीन बजे प्रेस कांफ्रेंस की, जबकि वोटिंग शाम 4 बजे तक चल रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इनेलो भाजपा की बी टीम की तरह काम कर रही है और चुनाव में उनकी भूमिका भी संदिग्ध रही।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!