बांका में कड़ी सुरक्षा के बीच अमन-चैन की दुआ:शांतिपूर्ण माहौल में मनाई गई ईद, गले मिलकर दी मुबारकबाद;बच्चों-युवाओं में उत्साह

बांका में कड़ी सुरक्षा के बीच अमन-चैन की दुआ:शांतिपूर्ण माहौल में मनाई गई ईद, गले मिलकर दी मुबारकबाद;बच्चों-युवाओं में उत्साह




बांका जिले में शनिवार को खराब मौसम और बारिश के बावजूद ईद का पर्व पूरे उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने विभिन्न मस्जिदों में विशेष नमाज अदा कर देश और समाज में अमन-चैन तथा खुशहाली की दुआ मांगी। प्रशासन ने पर्व को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। जिले के बांका, धोरैया, रजौन, अमरपुर, कटोरिया, बेलहर, फुल्लीडूमर, बौसी, बाराहाट और शंभूगंज प्रखंडों में सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर और हाथ मिलाकर ईद की मुबारकबाद दी। बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया, जो नए कपड़े पहनकर परिवार और दोस्तों के साथ खुशियां मनाते नजर आए। नमाज से पहले, मस्जिदों के इमामों ने अपने संबोधन में रमजान के महीने को रहमत और बरकत का महीना बताया, जिसमें दुआएं आसानी से कबूल होती हैं। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा, प्रेम और शांति बनाए रखने की अपील की। ईद पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया था और अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही थी। एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण वातावरण में ईद का त्योहार मनाया गया। सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। रजौन थानाध्यक्ष राजरतन, नवादा थानाध्यक्ष सुजीत कुमार और सब इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और बल क्षेत्र में लगातार गश्त करते हुए मुस्तैद दिखे। प्रशासन की सक्रियता और मुस्तैदी के कारण पूरे जिले में ईद का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!