रायसेन में गेहूं खरीदी में देरी पर कांग्रेस का धरना:किसानों की समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट का घेराव करने रैली निकाली
रायसेन में कांग्रेस ने गुरुवार को जिला मुख्यालय के सागर तिराहे कामधेनु परिसर में धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन गेहूं खरीदी में देरी और किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर आयोजित किया जा रहा है। विधायक से लेकर पदाधिकारी भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साथ रहे हैं। धरना प्रदर्शन का नेतृत्व सिलवानी विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र पटेल ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। धरने को संबोधित करते हुए देवेंद्र पटेल ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि गेहूं खरीदी केंद्र अब तक पूरी तरह से शुरू नहीं हो पाए हैं, जिसके कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पटेल ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं खरीदी सुनिश्चित करने और किसानों को समय पर भुगतान करने की मांग की। खरीदी केंद्र तत्काल शुरू करने की मांग
कांग्रेस ने अपनी प्रमुख मांगों में किसानों का ब्याज माफ कर उन्हें ऋण मुक्त करने की बात कही। इसके साथ ही, खरीदी केंद्र तत्काल शुरू करने, केंद्रों पर पर्याप्त बारदानों की व्यवस्था करने और गेहूं खरीदी की सीमा समाप्त करने की मांग भी उठाई गई। जिन किसानों ने सोसायटी का भुगतान नहीं किया है, उनकी भुगतान तिथि बढ़ाने की मांग भी की गई। प्रदर्शन के दौरान मूंग एवं मसूर की फसलों को भी समर्थन मूल्य पर खरीदने की मांग की गई। इसके अतिरिक्त, ओलावृष्टि से हुए नुकसान का उचित मुआवजा देने और ग्रामीण क्षेत्रों में गहराती पेयजल समस्या का समाधान करने की मांग भी कांग्रेस ने उठाई। सागर तिराहे से पैदल रैली निकलेंगे
धरने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सागर तिराहे से पैदल रैली निकाली। यह रैली कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां किसानों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट का घेराव भी किया। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए थे। कलेक्ट्रेट गेट पर बैरिकेड्स लगाए गए थे और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा।
Source link

