संगरूर में हाईवे पर ट्रक ने कंबाइन को मारी टक्कर:तीन मशीनें क्षतिग्रस्त, 70 लाख रपये का नुकसान; पुलिस जांच में जुटी
संगरूर जिले में बठिंडा-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर एक सड़क हादसा हुआ। यहां तीन कंबाइन मशीनें आपस में टकरा गईं, जिससे उन्हें भारी नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने कंबाइन को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक को नींद आ गई थी, जिसके कारण वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सीधे कंबाइन से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक कंबाइन दूसरी से टकराई और फिर दूसरी तीसरी कंबाइन से जा भिड़ी। इस तरह तीनों कंबाइनें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में जानी नुकसान नहीं कंबाइन मालिकों के मुताबिक, इस हादसे में करीब 60 से 70 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। संबंधित पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

