नल जल योजना से दो गांवों में पानी पहुंचा:डिंडौरी में डेढ़ किलोमीटर जंगल जाने की मजबूरी खत्म, घरों में आ रहा नल से पानी
डिंडौरी जिले के करंजिया जनपद अंतर्गत खम्हार खुदरा ग्राम पंचायत के दो पोषक गांवों, झिरिया बहरा और उदौर, में नल जल योजना शुरू हो गई है। इस योजना के लागू होने से अब ग्रामीणों को पानी के लिए डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल नहीं जाना पड़ रहा है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सरकार का लक्ष्य हर घर तक पानी पहुंचाना है। डेढ़ किलोमीटर दूर झिरिया से लाते थे पानी पहले इन गांवों की महिलाओं और पुरुषों को पानी लाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती थी। ग्रामीण सुनादरी बाई और यशोदा बाई ने बताया कि उन्हें डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में स्थित एक झिरिया से पानी लाना होता था। यह रास्ता ऊबड़-खाबड़ और घाटियों वाला था, जहां वन्यजीवों का खतरा भी बना रहता था। इस कारण वे अक्सर समूह में पानी लाने जाते थे। हर घर में नल कनेक्शन दिए गए अब गांव में पानी की टंकी का निर्माण कर पाइपलाइन बिछाई गई है और हर घर में नल कनेक्शन दिए गए हैं। ग्रामीणों को अब घर पर ही पानी मिल रहा है, जिससे उनके समय की बचत हो रही है। वे समय पर मजदूरी के लिए भी जा पा रहे हैं और वन्यजीवों के खतरे से भी मुक्ति मिली है। कार्यपालन यंत्री अफजल अमानुल्लाह खान ने बताया कि इंजीनियरों की ओर से किए गए सर्वे के बाद यह योजना 68 लाख रुपए की लागत से पांच महीने पहले पूरी की गई थी। वर्तमान में, दोनों गांवों के कुल 157 घरों को इस योजना के तहत पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना के सुचारु संचालन और रखरखाव के लिए एक जल प्रबंधन समिति का गठन किया गया है। यह समिति योजना की देखरेख और उसके संचालन का कार्य करती है।
Source link

