तरनतारन में घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग:आधी रात को वारदात से हुई गांव में दहशत, अज्ञात बदमाशों ने आठ राउंड चलाई गोली
तरनतारन जिले में एक गांव में एक घर पर शनिवार देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप मच गया। हालांकि इस फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ है, लेकिन देर रात अचानक हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की है। अभी तक यह पता नहीं चला है कि फायरिंग किसने और क्यों की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह वारदात जिले के थाना वैरोवाल के अंतर्गत आने वाले गांव सरां तलवंडी में हुई है। अज्ञात हमलावरों ने गुरमुख सिंह लाडी के घर के गेट पर करीब आठ राउंड फायरिंग की। गुरमुख सिंह लाडी बेहिका में रहते हैं। उन्होने बताया कि उनका परिवार सो रहा था। तभी अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग होने लगी। इससे उनका पूरा परिवार दहशत में आ गया है। उन्होंने वैरोवाल पुलिस को इसकी सूचना दे दी है। उन लोगों के बारे में भी जानकारी दी है जिन पर उन्हें शक है। आधी रात को हुई अंधाधुंध गोलीबारी की आवाजें सुनकर आसपास के लोग भी सहम गए। गुरमुख सिंह के साथ गांव के सरपंच जगबीर सिंह और अन्य ग्रामीणों ने पुलिस से तत्काल जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वैरोवाल थाने के एडिशनल एसएचओ जसविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि कोई दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

