पठानकोट में नए वार्ड रिजर्वेशन से धुरंधरों का बिगड़ा खेल:मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर सहित दिग्गजों के वार्ड महिला आरक्षित; निकाय चुनाव के बदले समीकरण
नगर निगम के वार्ड रिजर्वेशन की नई नोटिफिकेशन ने पठानकोट के बड़े राजनीतिक धुरंधरों का खेल बिगाड़ दिया है। मेयर, डिप्टी मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर, पूर्व मेयर सहित बड़े दिग्गजों के वार्डों के आरक्षण में बदलाव से पूरे समीकरण बदल गए हैं। बता दें, नगर निगम चुनाव को लेकर वार्डों के रिजर्वेशन का गजट नोटिफिकेशन जारी किया गया है। नोटिफिकेशन के मुताबिक 50 में से 25 वार्ड महिला आरक्षित किए गए हैं। नए नोटिफिकेशन में कांग्रेसी मेयर पन्ना लाल भाटिया, सीनियर डिप्टी मेयर विक्रम महाजन, डिप्टी मेयर अजय कुमार, पूर्व विधायक अमित विज और विपक्ष के नेता व भाजपा पार्षद रोहित पुरी के वार्ड को जनरल से महिला रिजर्व कर दिया गया है। पूर्व कांग्रेसी विधायक के करीबी पार्षदों के वार्ड भी महिला आरक्षित
नोटिफिकेशन के मुताबिक 50 वार्डों में से 25 महिला आरक्षित किए गए हैं। इसमें 5 वार्ड अनुसूचित जाति व 5 वार्ड अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित हैं। 2 वार्ड बीसी, 20 वार्ड जनरल महिला और 18 वार्ड जनरल के लिए रिजर्व किए गए हैं।
नए रिजर्वेशन में पूर्व विधायक अमित विज के खास वार्ड नं. 20 के पार्षद राकेश बब्ली, ब्लाक प्रधान व वार्ड 50 के पार्षद चरणजीत सिंह हैप्पी, 26 के देसराज, 36 के गणेश कुमार, 12 के पार्षद बलविंद्र ज्योति, 38 के विक्रम सिंह और 48 से पार्षद नितिन लाडी, 10 से अमित मीतू के वार्ड महिला और 24 से पार्षद विजय कुमार तथा 40 से रमेश कुमार के वार्ड को एससी महिला रिजर्व किए गए हैं।
आप के दिग्गजों के वार्डों में बदलाव
जारी अधिसूचना के अनुसार ये वार्ड रिजर्वेशन का ये बदलाव आम आदमी के दिग्गजों के लिए भी मुश्किल बन गया है। आप के हल्का इंचार्ज विभूति शर्मा की पत्नी पार्षद कोमल शर्मा का वार्ड नं. 21 जरनल महिला से बैकवर्ड कास्ट के लिए आरक्षित हो गया। वहीं, कांग्रेस छोड़ आप में गए जतिन वालिया की पत्नी पार्षद हषप्रीत कौर के वार्ड नं. 1 को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया। वहीं, कांग्रेस छोड़ आप में गए गौरव वडैहरा के वार्ड नं. 4 और 32 से पार्षद रोहित सयाल के वार्ड महिला रिजर्व किए गए हैं। रिजर्वेशन रोस्टर में कई कांग्रेस-भाजपा के पार्षदों के वार्डों को अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित कर दिया गया है। उनके साथ लगते 1-2 वार्ड महिला रिजर्व हैं। ताकि, वह साथ लगते वार्डों से भी चुनाव न लड़ सकें। इन वार्डों में भी बिगड़ा खेल
पिछले चुनाव में कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ी वार्ड नं. 7 की पार्षद सुनीता शर्मा के वार्ड को जनरल किया गया है, यहां से उनके बेटे आम आदमी पार्टी के स्टेट ज्वाइंट सेक्रेटरी अभी शर्मा टिकट के दावेदार हैं। पिछले चुनाव में महिला रिजर्व वार्ड नं. 13 को जनरल किया गया है, जहां पूर्व में कांग्रेस नेता जुगल किशोर की पत्नी दर्शन कौर जीती थी अब उनके बेटा सन्नी कलेर भाजपा में शामिल हुए हैं। इसी तरह से पूर्व मेयर अनिल वासुदेवा के वार्ड नं. 9 को एससी रिजर्व किया गया है, यहां से उनकी पत्नी शशि वासुदेवा पार्षद हैं। हालांकि उनके साथ लगता वार्ड नं. 8 महिला रिजर्व है।
अब ढूंढने होंगे नए वार्ड
भाजपा से जीते अश्वनी कुमार का वार्ड नं. 30 महिला रिजर्व होने के चलते उन्हें अपने लिए नया वार्ड ढूंढना होगा। ऐसे ही भोआ विधानसभा हल्के में आते वार्ड नं. 41 को जनरल से एससी, 42 व 44 को एससी महिला किया गया है जहां से कांग्रेसी जीते थे। भाजपा से जीते स्वर्ण सिंह को वार्ड नं. 46 एससी रिजर्व होने के चलते साथ से जनरल रिजर्व 45 में जाना पड़ेगा। चूंकि 47 वार्ड बीसी के लिए रिजर्व है। रिजर्वेशन का मुद्दा फिर से जा सकता है हाईकोर्ट
निगम की वार्डबंदी के नोटिफिकेशन को लेकर मेयर पन्ना लाल भाटिया, डिप्टी मेयर और विधायक समेत कई पार्षदों के वार्ड चार हिस्सों में तोड़ कर रिजर्व किए जाने को लेकर हाईकोर्ट में केस किया था। 18 मार्च को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में दायर याचिका की सुनवाई के दौरान पंजाब सरकार ने नगर निगम की नई हदबंदी को लेकर जारी नोटिफिकेशन वापस ले लिया था। अब की बार रिजर्वेशन का मुद्दा फिर से हाईकोर्ट में जा सकता है। वार्डों का रिजर्वेशन रोस्टर
अनुसूचित जाति: 1, 9, 25, 41 और 46
अनुसूचित जाति महिला: 14, 24, 40, 42 और 44
पिछड़ा वर्ग: 21 और 47
जनरल महिला रिजर्व: 2, 4, 6, 8, 10, 12, 16, 18, 20, 22, 26, 28, 30, 32, 34, 36, 38, 48, 49 और 50
जनरल रिजर्व: 3, 5, 7, 11, 13, 15, 17, 18, 23, 27, 29, 31, 33, 35, 37, 39, 43 और 45 पार्षदों से मीटिंग करके अगली रणनीति तय करेंगे: पूर्व मेयर
पूर्व मेयर एवं वरिष्ठ नेता भाजपा अनिल वासुदेवा ने कहा कि वार्डबंदी का नोटिफिकेशन सरकार को वापस लेना पड़ा था,अब किसी तरह से रोकना था इसलिए रिजर्वेशन को तोड़-मरोड़ किया गया है। उनका वार्ड कैसे एससी रिजर्व किया गया है,समझ से परे है। पिछले चुनाव में यदि कोई वार्ड एससी रिजर्व नहीं था तो उसे एससी रिजर्व बनाने के लिए नए वोट या आबादी जोड़नी होगी। इस पर कल पार्षदों से मीटिंग करके अगली रणनीति तय की जाएगी। वार्डों की रिजर्वेशन गलत की: भाटिया
मेयर पन्ना लाल भाटिया ने कहा कि वार्डों की रिजर्वेशन बिल्कुल गलत तरीके से की गई है,वार्डबंदी से किसी को रोक नहीं सके तो धक्केशाही से रिजर्वेशन कर वार्डों को रिजर्व कर दो यह आप का चुनावी हथकंडा है। सर्वे के आधार पर हुआ बदलाव, इन्हें रोने का आदत : विभूति शर्मा
आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज विभूति शर्मा ने कहा कि वार्डों के रिजर्वेशन रोस्टर को सर्वे के आधार पर बदला गया है। मेरा खुद का वार्ड पिछड़ा वर्ग आरक्षित किया गया। इसके अलावा, 4 से 5 आप पार्षदों के वार्ड इस रोस्टर में बदल दिए गए हैं। भाजपा और कांग्रेस को रोने की आदत है। पहले नई वार्डबंदी को लेकर रोये, अब पुरानी वार्डबंदी पर चुनाव हो रहे हैं तो रिजर्वेशन रोस्टर पर रोना शुरू कर दिया।
Source link

