जमीन विवाद में बेटे ने की थी पिता की हत्या:आरोपी बोला- जमीन नाम करने को कहा तो पिता ने मना किया था
फर्रुखाबाद जनपद के मेरापुर थाना क्षेत्र में 19 अप्रैल को जमीन विवाद में एक बेटे ने अपने बुजुर्ग पिता की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी बेटे मोहन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उसने टकोरा नामक औजार से पिता की जान ली थी। यह घटना गांव नदौरा में हुई थी। बड़े बेटे मोहन सिंह का अपने पिता से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। पिता ने जमीन अपने नाम करने या पोते अमन के नाम करने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद कहासुनी बढ़ गई। पुलिस पूछताछ में आरोपी मोहन सिंह ने बताया कि वह खेत से आया था और उसके हाथ में टकोरा था। विवाद के दौरान उसने उसी टकोरे से पिता पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मोहन सिंह फरार हो गया था। मृतक के दूसरे बेटे नेक राम ने आरोपी भाई मोहन सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक राजीव पांडे और उनकी टीम ने मोहन सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया टकोरा भी बरामद कर लिया है। आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link

