Betul Collector Inspects Hostel | Smart Class Closed, Library Open
बैतूल जिले में नए कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे शाहपुर ब्लॉक के बीजादेही गांव के छात्रावास पहुंचे। स्मार्ट क्लास बंद मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। बोले कि डिजिटल पढ़ाई सिर्फ कागजों में नहीं, जमीन पर दिखनी चाहिए।
.
बच्चों को मेन्यू के हिसाब से खाना और समय पर मिलना चाहिए, इसमें कोई लापरवाही नहीं चलेगी। शनिवार को कलेक्टर राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह सीनियर बालक छात्रावास पहुंचे। बच्चों से खाने की क्वालिटी और अधीक्षक के व्यवहार के बारे में जाना।
कंप्यूटर लैब में पहुंचे तो छात्रों से उन्होंने कंप्यूटर के बारे में बात की। लाइब्रेरी में किताबों की कमी और अव्यवस्था पर भी उन्होंने निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा हर छात्रावास में लाइब्रेरी और कंप्यूटर लैब सिर्फ नाम के नहीं, पूरी तरह चालू हालत में दिखने चाहिए।
भोजनशाला में भी कलेक्टर ने सिर्फ निरीक्षण नहीं किया, बल्कि टाइमिंग और क्वालिटी को लेकर कर्मचारियों से सीधा सवाल-जवाब किया।
छात्रावास में बच्चों से बात करते कलेक्टर।
वॉलीबॉल ग्राउंड में पहुंचे कलेक्टर निरीक्षण खत्म हुआ तो कलेक्टर सीधे वॉलीबॉल ग्राउंड पहुंच गए। औपचारिकता छोड़ छात्रों के साथ खेलना शुरू कर दिया। कुछ देर के लिए माहौल पूरी तरह बदल गया—जहां अभी सख्ती थी, वहीं अब सहजता और जुड़ाव नजर आया। छात्रों के लिए यह पल किसी सरप्राइज से कम नहीं था।
इसके बाद कलेक्टर ने बीजादेही के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां स्टाफ से स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति जानी और निर्माणाधीन नए भवन का जायजा लेकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
गौर करने वाली बात यह है कि कलेक्टर का यह दौरा सिर्फ एक दिन की औपचारिकता नहीं है। बीते दिनों में वे पट्टन से लेकर शाहपुर तक लगातार गांवों में नजर आए हैं। देर रात फोफलाया गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे संवाद भी कर चुके हैं।

