Kanpur Top 10 news in video Headlines Student Rape Accused Arrested; BJP Leader suicide

Kanpur Top 10 news in video Headlines Student Rape Accused Arrested; BJP Leader suicide


कानपुर4 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

कानपुर की कल (शुक्रवार) की बड़ी खबरें… हरबंश मोहाल में कक्षा चार की 10 वर्षीय छात्रा से टेलर ने रेप किया। बच्ची दुकान से सामान लेने जा रही थी, तभी इलाके में रहने वाले 55 वर्षीय टेलर देवराज सैनी ने उससे पान मसाला मंगाया। मसाला देने पहुंची बच्ची को वह बहाने से घर के अंदर ले गया और उसके साथ रेप किया। पुलिस ने आरोपी देवराज सैनी को अरेस्ट कर लिया है।

दिल्ली के भाजपा मंडल अध्यक्ष ने कानपुर में ससुराल के बाहर जहर खाकर जान दे दी। वॉयस रिकॉर्डिंग अपने दोस्तों, परिजनों को भेजा। जिसमें वह कह रहा- मैं मरना नहीं चाहता था, लेकिन मेरे ससुरालवालों ने मुझे मारने की पूरी प्लानिंग कर ली थी। इन्होंने ऐसा व्यूह रचा कि मैं खुद सुसाइड कर लूं। यूपी पुलिस आप देखना, आप न्याय करना। मैं जा रहा हूं। कानपुर की ऐसी ही 10 बड़ी खबरों से गुजरने के लिए ऊपर वीडियो पर क्लिक करें…।

सिलसिलेवार पढ़िए 10 खबरें

1- ‘यूपी पुलिस आप न्याय करना, मैं जान देने जा रहा…’: वॉयस रिकॉर्डिंग भेजकर भाजपा नेता ने जान दी, पत्नी से विवाद था

दिल्ली के भाजपा मंडल अध्यक्ष ने कानपुर में ससुराल के बाहर जहर खाकर जान दे दी। वॉयस रिकॉर्डिंग अपने दोस्तों, परिजनों को भेजा। जिसमें वह कह रहा- मैं मरना नहीं चाहता था, लेकिन मेरे ससुरालवालों ने मुझे मारने की पूरी प्लानिंग कर ली थी। इन्होंने ऐसा व्यूह रचा कि मैं खुद सुसाइड कर लूं। मेरी पत्नी की मां बहुत दिनों से मेरे पीछे पड़ी हुई थी, घर में तोड़फोड़ करना, मेरी पत्नी को बरगलाना, इसके बाएं हाथ का खेल था। अब मैं अपनी जान दे रहा हूं। यूपी पुलिस आप देखना, आप न्याय करना। मैं जा रहा हूं।

दिल्ली के नरैला के भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार मिश्रा (38) ने गुरुवार को यह वॉयस रिकॉर्डिंग अपने दोस्तों, परिजनों और बर्रा पुलिस को भेजी। दोस्त ने उन्हें हैलट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि एक माह पहले पत्नी शादी समारोह में शामिल होने की बात कहकर बर्रा में मायके आ गई थी, इसके बाद से वह वापस नहीं जा रही थी। इसी के चलते उन्होंने सुसाइड कर लिया। पढ़ें पूरी खबर…

2- स्टेट लेवल फुटबाल खिलाड़ी को DCM ने कुचला, मौत; सचेंडी के वेयर हाउस में हुई घटना

कानपुर के सचेंडी स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के वेयरहाउस में गुरुवार देर रात डीसीएम की चपेट में आने से स्टेट लेवल फुटबॉल खिलाड़ी सिकंदर वर्मा (35) की मौत हो गई। हादसे के बाद साथी कर्मचारी उन्हें गंभीर हालत में हैलट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और बाद में शव लेकर कैंट स्थित घर आ गए।

मृतक सिकंदर कैंट के लालकुर्ती तोपखाना के रहने वाले थे और जूही राखीमंडी स्थित ट्रांसपोर्ट कंपनी में क्लर्क थे। परिवार में उनकी 8 माह की गर्भवती पत्नी, मां और तीन भाई हैं। परिजनों के मुताबिक, वह काम के सिलसिले में सचेंडी वेयरहाउस गए थे, जहां यह हादसा हुआ। शुक्रवार को कैंट पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अरविंद राय ने बताया कि तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पढ़ें पूरी खबर…

3- आंधी-बारिश से बदला मौसम, 9.4 डिग्री लुढ़का पारा, दो दिन बादल छाए रहेंगे, फिर बारिश का अलर्ट

कानपुर में आंधी और बारिश ने भीषण गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी है। बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 9.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इससे मौसम सुहाना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली। 3.4 मिमी बारिश रिकाॅर्ड की गई है। 4 व 5 मई को एक बार फिर बारिश की संभावना है।

सीएसए के वेदर स्टेशन के अनुसार बुधवार को जहां शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, वहीं गुरुवार को यह घटकर 30.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह सामान्य तापमान से 8.2 डिग्री कम रहा। सुबह तेज हवा और बारिश के कारण वातावरण में ठंडक घुल गई, जिससे दिनभर गर्मी का असर काफी कम रहा। पढ़ें पूरी खबर…

4- फर्जी डिग्री केस के सरगना समेत चार आरोपी रिहा, हाईकोर्ट ने पुलिस की गिरफ्तारी को ठहराया गैरकानूनी

फर्जी डिग्री के मामले में हाईकोर्ट ने आरोपियों की गिरफ्तारी को ही कठघरे में खड़ा कर दिया। गिरफ्तारी को अवैधानिक बताते हुए हाईकोर्ट ने पुलिस के गिरफ्तारी मेमो और मजिस्ट्रेट के न्यायिक रिमांड को तत्काल प्रभाव से क्वैस्ड (रद्द) कर दिया। हाईकोर्ट ने तत्काल आरोपियों को रिहा करने के आदेश दिए थे।

इस आदेश के बाद मुख्य आरोपी समेत चार आरोपियों को रिहा कर दिया गया। मामले में एक आरोपी जोगेन्द्र की ओर से हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी। जिस पर सुनवाई करते हुए 28 अप्रैल को यह आदेश जारी किया गया। पढ़ें पूरी खबर…

5- मेटल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, एक घंटे में फायर ब्रिगेड ने पाया काबू, सारा सामान जलकर राख

कानपुर के दादानगर फैक्ट्री एरिया में देर रात एक मेटल फैक्ट्री में आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना गोविन्दनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत विश्वकर्मा मेटल ट्रीटर्स फैक्ट्री की है, जहां रात करीब 10 बजे अचानक आग भड़क उठी। फैक्ट्री से उठती तेज लपटों को देखकर आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फजलगंज फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।

फायरकर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग को फैलने से रोकने के लिए तीन तरफ से पानी की बौछार की गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग लगने से फैक्ट्री में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पढ़ें पूरी खबर…

6- ट्रस्टों के जरिए व्हाइट होती थी ब्लैक मनी: बर्रा से कर्नाटक तक फैला साइबर ठगी का नेटवर्क

कानपुर के बर्रा में पकड़े गए साइबर ठगों से पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस को कर्नाटक के जामिया इस्लाहुल बन्नत ईसी ट्रस्ट समेत करीब 8 ऐसे ट्रस्टों की जानकारी मिली है, जिनके जरिए ठगी की काली कमाई को सफेद किया जाता था। जांच में सामने आया है कि डिजिटल अरेस्ट से जुड़ी करीब 30 करोड़ रुपये की रकम अकेले कर्नाटक के एक ट्रस्ट में खपाई गई। पुलिस अब इस नेटवर्क की तह तक जाने के लिए कर्नाटक जाने की तैयारी कर रही है और हवाला के साथ-साथ संभावित आतंकी फंडिंग एंगल पर भी जांच कर रही है।

डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के मुताबिक, साइबर अपराधी ठगी की रकम को हवाला के जरिए महाराष्ट्र, कर्नाटक समेत कई राज्यों में भेजते थे। बर्रा इंस्पेक्टर ने बताया कि ट्रस्ट इस रकम को सफेद करने के एवज में करीब 30 प्रतिशत कमीशन लेते थे, जबकि 10 प्रतिशत हिस्सा फरार आरोपियों को जाता था। वहीं, जांच में यह भी सामने आया है कि वरुण विहार निवासी तनिष गुप्ता हवाला के जरिए रकम को व्हाइट करने में अहम कड़ी था। पढ़ें पूरी खबर…

7- कक्षा चार की छात्रा के साथ रेप, आरोपी टेलर अरेस्ट, पान-मसाला मंगाया, बहाने से कमरे में ले गया

कानपुर के हरबंश मोहाल में कक्षा चार की 10 वर्षीय छात्रा को बहाने से घर बुलाकर पड़ोसी अधेड़ द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। गुरुवार शाम बच्ची दुकान से सामान लेने जा रही थी, तभी इलाके में रहने वाले 55 वर्षीय टेलर देवराज सैनी ने उससे पान मसाला मंगाया। आरोप है कि मसाला देने पहुंची बच्ची को वह बहाने से घर के अंदर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद सहमी बच्ची घर पहुंची और परिजनों को पूरी आपबीती बताई।

सूचना मिलते ही परिजनों ने हरबंश मोहाल पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एसीपी आशुतोष सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो समेत समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पढ़ें पूरी खबर…

8- कानपुर में दो सड़क हादसे, चालक केबिन में फंसा, कटर से गाड़ी काटकर निकाला; एम्बुलेंस फंसी

कानपुर में शुक्रवार भोर में जाजमऊ व चकेरी क्षेत्र में हुए दो सड़क हादसों में दो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों ही मामलों में चालक अपने-अपने वाहनों के केबिन में फंस गए थे, जिन्हें रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। हादसों के चलते नौबस्ता से जाजमऊ मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिसमें कई एम्बुलेंस भी फंस गईं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पहला हादसा रामादेवी-जाजमऊ फ्लाईओवर पर हुआ, जहां घाटमपुर निवासी जीत सिंह का मौरंग लदा वाहन ट्रक से टकरा गया। फायर टीम ने कटर से केबिन काटकर उन्हें बाहर निकाला। वहीं दूसरी घटना जाजमऊ गंगापुल पर हुई, जहां ब्रेक फेल होने से पेट्रोल टैंकर चालक संतोष का वाहन टकरा गया और वह केबिन में फंस गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन से हटाने के बाद करीब दो घंटे में यातायात सामान्य हो सका। पढ़ें पूरी खबर…

9- बिल्हौर स्टेशन पर ट्रेन से गिरकर किसान की मौत, चलती ट्रेन से उतरने के प्रयास में हुआ हादसा

कानपुर के बिल्हौर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक किसान की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। ककवन थाना क्षेत्र के घंसी निवादा गांव निवासी 52 वर्षीय मेघनाथ सिसोदिया शादी समारोह से लौट रहे थे। बताया गया कि ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचने के दौरान वह चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास करने लगे, तभी संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद परिजन और मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल सीएचसी बिल्हौर पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया। हालांकि, रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मेघनाथ की मौत से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर है। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम शव घर ले जाकर अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी, जबकि पुलिस का कहना है कि उन्हें घटना की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। पढ़ें पूरी खबर…

10- स्मार्ट मीटर के विरोध को देखते हुए 8 हेल्पडेस्क पर 32 केस्को अधिकारी बैठे, MD बोले- उपभोक्ताओं को जागरूक भी कर रहे

कानपुर में स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर बढ़ती शिकायतों के बीच केस्को ने समाधान के लिए विशेष व्यवस्था की है। करीब 1.60 लाख स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण के लिए 60 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को लगाया गया है, जबकि शहर में आठ हेल्पडेस्क बनाई गई हैं। यहां रोजाना 400 से ज्यादा शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है और उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के बारे में जागरूक भी किया जा रहा है।

केस्को एमडी सैमुअल पॉल ने बताया कि शहर में स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध भी हो रहा है, इसलिए शिकायतों के समाधान के साथ सही जानकारी देना जरूरी है। हेल्पडेस्क पर 32 अधिकारी, एसडीओ-एक्सईएन और मीटर कंपनी के इंजीनियर मौजूद रहते हैं। छबीलेपुरवा, नौबस्ता, केशवपुरम, फूलबाग समेत आठ स्थानों पर यह सुविधा शुरू की गई है। जांच पूरी होने तक मीटर से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता पर निस्तारित किया जा रहा है, वहीं उपभोक्ता जरूरत पड़ने पर केस्को मुख्यालय में भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। पढ़ें पूरी खबर…

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!