India Retains ICC T20 Top Ranking After World Cup Win
दुबई2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
भारत ने 8 मार्च को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीता।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में इस साल टी-20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय टीम ने ICC की टी-20 टीम रैंकिंग में भी अपना पहला स्थान बरकरार रखा है।
मंगलवार को ICC ने सालाना अपडेट जारी किया है। अपडेशन के बाद टी-20 में टीम इंडिया 275 अंकों के साथ पहले पायदान पर काबिज है, जबकि इंग्लैंड (262 अंक) दूसरे और ऑस्ट्रेलिया (258 अंक) तीसरे स्थान पर है।
पिछले एक साल के डेटा को 100% वेटेज मिलता है
ICC रैंकिंग में तीन साल के डेटा होते हैं। पिछले 12 महीनों में हुए मुकाबलों का वेटेज 100% होता है। उससे पहले के 2 साल के डेटा का वेटेज 50% होता है। मौजूदा रैंकिंग में मई 2023 से अप्रैल 2024 और मई 2024 से अप्रैल 2025 तक हुए मैचों को 50-50% दिया गया है। वहीं, मई 2025 के बाद के मैचों का वेटेज 100% है।
यहां से अप्रैल 2026 तक होने वाले मैचों को भी 100% वेटेज मिलेगा। यानी जब अगले साल मई में नया अपडेट होगा तो उसमें से 2023 से 2024 तक हुए मैचों को रैंकिंग गणना से बाहर कर दिया जाएगा। फिर 2024 से 2025 और 2025 से 2026 तक के मैचों का वेटेज 50% हो जाएगा और 1 मई 2026 के बाद हुए मैचों को ही 100% वेटेज मिलेगा।
अपडेशन के बाद टी-20 रैंकिंग के टॉप-7 पायदानों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
श्रीलंका को नुकसान, बांग्लादेश और अमेरिका की लंबी छलांग श्रीलंका को 6 रेटिंग अंकों का नुकसान हुआ है, जिससे वे फिसलकर 9वें स्थान पर आ गए हैं। इसका फायदा बांग्लादेश को मिला है, जो अब 8वें नंबर पर पहुंच गया है। वहीं, उत्तर अमेरिका में क्रिकेट की उभरती ताकत ‘यूएसए’ (USA) ने 6 अंकों के फायदे के साथ 13वां स्थान हासिल कर लिया है। अमेरिका ने नीदरलैंड और स्कॉटलैंड जैसी अनुभवी टीमों को पीछे छोड़ दिया है।
इटली ने चौंकाया, 4 टीमें रैंकिंग से बाहर हुईं टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार शामिल हुई इटली की टीम ने शानदार प्रदर्शन के दम पर रैंकिंग में तीन पायदान की छलांग लगाई है। नेपाल को 10 विकेट से हराने वाली इतालवी टीम अब 23वें स्थान पर पहुंच गई है।
दूसरी ओर, ICC रैंकिंग में शामिल टीमों की संख्या 102 से घटकर 98 रह गई है। फिजी, गाम्बिया, ग्रीस और इज़राइल को रैंकिंग से बाहर कर दिया गया है क्योंकि उन्होंने पिछले तीन वर्षों में न्यूनतम 8 टी20 मैच नहीं खेले थे।
विमेंस कैटेगरी में ऑस्ट्रेलिया की बादशाहत बरकरार विमेंस टी-20 रैंकिंग में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपना नंबर-1 स्थान बरकरार रखा है। ताजा रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया 287 पॉइंट्स हैं। इंग्लैंड 275 पॉइंट्स लेकर दूसरे और भारतीय टीम 264 पॉइंट्स के साथ तीसरे नंबर पर काबिज है। रैंकिंग के टॉप-16 पोजीशन में कोई बदलाव नहीं हुआ है। —————————————-
भारतीय क्रिकेट से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…
विमेंस टी-20 वर्ल्डकप के लिए टीम इंडिया का ऐलान
BCCI ने विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान कर दिया है। पिछले साल वनडे वर्ल्डकप जिताने वालीं कप्तान हरमनप्रीत कौर को ही टीम की कप्तानी सौंपी गई है, जबकि स्मृति मंधाना को ही वाइस कैप्टन बनाया गया है। पढ़ें पूरी खबर

