Most FIFA World Cup Goals
स्पोर्ट्स डेस्क6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी फुटबॉल वर्ल्डकप में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। ऑस्ट्रिया के खिलाफ मेसी ने पहले अपना 17वां गोल दागकर जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोजे (16 गोल) का रिकॉर्ड तोड़ा और फिर मैच के आखिरी में एक और गोल कर इसे 18 तक पहुंचा दिया।
मेसी ने डलास स्टेडियम में 39वें मिनट में फील्ड गोल लगाकर इतिहास रचा। इसके बाद इंजरी टाइम (95वें मिनट) में उन्होंने दूसरा गोल दागकर अर्जेंटीना की 2-0 की जीत पक्की कर दी। इस जीत के साथ मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने राउंड ऑफ-32 में भी जगह बना ली।
38 साल के मेसी ने पिछले मैच में अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक लगाई थी। मौजूदा टूर्नामेंट में उनके सबसे ज्यादा 5 गोल हो गए हैं। मेसी के बाद 3 गोल के साथ जर्मनी के डेनिज उंडाव हैं।
मेसी की 5 फोटो…
गोल करने के बाद मेसी का सेलिब्रेशन।
मेसी साथी खिलाड़ी के साथ जश्न मनाते हुए।
मेसी ने फैंस की तरफ कुछ इस तरह से इशारा करके सेलिब्रेट किया।
मेसी ने इसी शॉट से गोल दागा।
मेसी अर्जेंटीना के मिडफील्डर रोड्रिगो डी पॉल के साथ।
9वें मिनट में पेनल्टी चूके
मेसी के पास नौवें मिनट में ही रिकॉर्ड बनाने का मौका था। लॉटारो मार्टिनेज पर ऑस्ट्रियाई डिफेंडरों के फाउल के बाद अर्जेंटीना को पेनल्टी मिली, लेकिन मेसी शॉट को पोस्ट के बाहर मार बैठे। इसके साथ ही वह वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा तीन पेनल्टी मिस करने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए। इससे पहले घाना के असामोआ ग्यान ने दो पेनल्टी मिस की थीं।
पेनल्टी चूकने के बाद 18वें मिनट में मेसी को एक और मौका मिला, लेकिन ऑस्ट्रियाई डिफेंडरों ने शॉट ब्लॉक कर दिया। ऑस्ट्रिया के गोलकीपर डेविड अलाबा ने भी एक मौके पर गोललाइन के पास शानदार बचाव किया।
पेनल्टी गंवाने के बाद मेसी।
अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक लगाई थी
38 साल के मेसी ने पांच दिन पहले अल्जीरिया के खिलाफ अर्जेंटीना की 3-0 की जीत में हैट्रिक लगाई थी। उन्होंने 17वें, 60वें और 76वें मिनट में गोल दागे थे। यह वर्ल्ड कप में उनके करियर की पहली हैट्रिक थी।
इसी के साथ वह वर्ल्ड कप में हैट्रिक लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने और उन्होंने 2018 वर्ल्ड कप में 33 साल की उम्र में हैट्रिक लगाने वाले पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो का रिकॉर्ड तोड़ दिया था।
मेसी के नाम 11 इंटरनेशनल हैट्रिक हैं। वे 5 अलग-अलग वर्ल्ड कप में गोल करने वाले दुनिया के दूसरे फुटबॉलर भी हैं। उनसे पहले यह कारनामा केवल क्रिस्टियानो रोनाल्डो ही कर पाए थे।
मेसी के नाम कई और रिकॉर्ड भी
- ऑस्ट्रिया के खिलाफ गोल के साथ मेसी ने वर्ल्डकप में लगातार 6 मैचों में गोल करने की बराबरी कर ली। इससे पहले फ्रांस के जस्ट फोंटेन और ब्राजील के जायरजिन्हो ने यह उपलब्धि हासिल की थी।
- मेसी वर्ल्ड कप इतिहास में 28 मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी हैं। वह अपने रिकॉर्ड छठे वर्ल्ड कप में खेल रहे हैं।
- मेसी के नाम वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा 12 मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने का रिकॉर्ड भी है।
- ऑस्ट्रिया के खिलाफ गोल उनके वर्ल्डकप करियर का 17वां और मौजूदा टूर्नामेंट का चौथा गोल रहा। इसके साथ ही वह गोल्डन बूट की रेस में भी सबसे आगे पहुंच गए।
- मेसी ने यह रिकॉर्ड अपने 39वें जन्मदिन से दो दिन पहले बनाया। उन्होंने ऑस्ट्रिया के खिलाफ मैच में 38वें मिनट में गोल दागा।
जीत से नॉकआउट की राह आसान
अर्जेंटीना और ऑस्ट्रिया दोनों ने अपने शुरुआती मैच जीते थे। अर्जेंटीना ने अल्जीरिया को 3-0 और ऑस्ट्रिया ने जॉर्डन को 3-1 से हराया था। ऐसे में इस मुकाबले की विजेता टीम का राउंड ऑफ-32 में पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है।
——————————— वर्ल्ड कप से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… फीफा वर्ल्ड कप में केप वर्डे का उलटफेर
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में सोमवार को ग्रुप G और ग्रुप H के मुकाबले खेले गए। ग्रुप G में मिस्र ने न्यूजीलैंड को 3-1 से हराकर टूर्नामेंट के इतिहास में अपनी पहली जीत दर्ज की। मिस्र अपना पहला वर्ल्ड कप 1934 में खेला था। वहीं, बेल्जियम और ईरान के बीच मैच 0-0 की बराबरी रहा। पढ़ें पूरी खबर…

