सोनीपत में बाथरूम में बुजुर्ग महिला का शव मिला:हाथ और पैर चुन्नी से बंधे हुए थे, अकेली रहती थी; हत्या की आशंका
सोनीपत के जटवाड़ा क्षेत्र में शनिवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई जब एक बुजुर्ग महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर के बाथरूम से बरामद हुआ। महिला के दोनों हाथ और पैर चुन्नी से बंधे हुए थे, जबकि मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। घटनास्थल की स्थिति देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या और लूट दोनों एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। जिस तरह से महिला को बांधकर बाथरूम में डाला गया, उससे पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। घर के बाथरूम से मिला शव मृतका की पहचान 65 वर्षीय संतोष के रूप में हुई है, जो जटवाड़ा स्थित गवर्नमेंट स्कूल के सामने गली में अकेली रहती थी। पड़ोसियों के अनुसार जब काफी देर तक महिला घर से बाहर दिखाई नहीं दी तो आसपास के लोग हालचाल जानने के लिए घर पहुंचे। इस दौरान घर के अंदर बाथरूम में महिला का शव पड़ा मिला। महिला के हाथ-पैर बंधे हुए थे और हालत बेहद संदिग्ध थी। मुंह में कपड़ा ठूंसकर हत्या की आशंका घटनास्थल पर महिला के दोनों हाथ और दोनों पैर चुन्नी से बंधे मिले। इसके अलावा मुंह में कपड़ा डाला गया था। जिस तरीके से शव मिला है, उससे आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव को बाथरूम में डाल दिया गया। पुलिस आसपास के हालात और घर के सामान की भी जांच कर रही है। घर का गेट खुला मिला, एसी भी चल रहा था पुलिस जांच में सामने आया कि घर का मुख्य गेट खुला हुआ था और कमरे में एसी भी चलता मिला। वहीं महिला का मोबाइल फोन और अन्य सामान भी घर में ही रखा मिला है। ऐसे में फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वारदात लूटपाट के इरादे से हुई या फिर किसी जान-पहचान वाले ने रंजिश के चलते हत्या को अंजाम दिया। पति की पहले हो चुकी मौत, अकेली रहती थी महिला जानकारी के अनुसार संतोष के पति पहलवान आनंद की करीब 10 से 12 साल पहले मौत हो चुकी थी। दंपती की कोई संतान नहीं थी, जिसके चलते उन्होंने एक बेटी को गोद लिया था। बाद में उसकी शादी कर दी गई। इसके बाद से महिला घर में अकेली रह रही थी। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले और बाद में घर पर कौन आया था। पुलिस का कहना है कि शिकायत और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link

