खेत के कुएं में करंट लगने से मजदूर की मौत:मोटर का कनेक्शन लगाते लगा झटका, मौके पर ही तोड़ा दम
सिवनी जिले के किंदरई थाना क्षेत्र के धूमामाल गांव में गुरुवार शाम एक मजदूर की खेत के कुएं में काम करते समय करंट लगने से मौत हो गई। यह घटना किंदरई थाना क्षेत्र में सामने आई है। जानकारी के अनुसार, ग्राम धूमामाल निवासी 38 वर्षीय मुकेश तेकाम पुत्र अंतूलाल तेकाम गुरुवार शाम करीब 5 बजे खेत के कुएं में मजदूरी कर रहे थे। बताया गया है कि कुएं में लगी पानी की मोटर का विद्युत कनेक्शन जोड़ते समय अचानक बिजली प्रवाहित हो गई, जिससे मुकेश तेकाम करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मृतक के परिवार के सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना मिलने पर किंदरई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी जी.एस. राजपूत ने बताया कि शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने खेतों में उपयोग होने वाले विद्युत उपकरणों की नियमित जांच और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। तस्वीरें देखिए…
Source link

