जहानाबाद डबल मर्डर केस, 3 और आरोपियों ने किया सरेंडर:अब तक 11 गिरफ्तार, भागे आरोपियों के घरों की कुर्की-जब्ती जारी
जहानाबाद के निसरपुरा दोहरा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में सोमवार को तीन और आरोपियों ने आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद गिरफ्तार और आत्मसमर्पण करने वाले अभियुक्तों की कुल संख्या 11 हो गई है। पुलिस अधीक्षक ने मामले की प्रगति की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस हत्याकांड में कुल 17 लोगों को नामजद किया गया है। इनमें से अब तक 8 अभियुक्तों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका था। सोमवार सुबह दो फरार अभियुक्तों ने माननीय न्यायालय में आत्मसमर्पण किया, जबकि पुलिस के लगातार दबाव के कारण एक अन्य अभियुक्त नीतीश ने भी पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया। विधिवत कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई फरार अभियुक्तों पर दबाव बनाने के लिए पुलिस ने कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है। न्यायालय के आदेश पर अभियुक्त अंकित यादव के घर पर विधिवत कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई। इससे पहले भी इस कांड के पांच अन्य फरार अभियुक्तों के घरों की कुर्की की जा चुकी है। पुलिस का मानना है कि इन कार्रवाइयों से फरार अभियुक्तों पर आत्मसमर्पण करने का दबाव बढ़ रहा है। एसपी ने बताया कि शेष पांच फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और उनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। स्टैटिक फोर्स तैनात किया गया पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उनके घर पर स्थायी पुलिस बल (स्टैटिक फोर्स) तैनात किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि अनुसंधान कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है और जल्द ही मामले में चार्जशीट दाखिल कर इसे स्पीडी ट्रायल के लिए भेजा जाएगा, ताकि दोषियों को शीघ्र और कड़ी सजा मिल सके। जहानाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link

