मुजफ्फरपुर में जमीन विवाद में गोलीबारी:भाई की हत्या के गवाह को 4 गोली मारी, हालत नाजुक; पुलिस ने तीन आरोपियों को उठाया
मुजफ्फरपुर में जमीन विवाद में गोलीबारी हुई है। शुक्रवार देर रात हत्याकांड के मुख्य गवाह अजीत कुमार(40) को चार गोली मारी गई है। हमले का आरोप पाटीदारों पर लगा है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक बनी हुई है। घटना मीनापुर थाना क्षेत्र के राघोपुर गांव की है। जानकारी के मुताबिक अजीत कुमार का अपने पाटीदारों (पड़ोसियों) के साथ करीब 47 बीघा पैतृक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसी जमीनी विवाद के कारण वर्ष 2019 में दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें अजीत के बड़े भाई अखिलेश राय की हत्या कर दी गई थी। अजीत कुमार अपने भाई की हत्या मामले में मुख्य गवाह थे और उन पर गवाही न देने का दबाव भी बनाया जा रहा था। यह घटना ऐसे समय हुई है जब शनिवार को इसी जमीनी विवाद को लेकर दोनों पक्षों को राजस्व अधिकारी के समक्ष पेश होना था। जमीन की मापी और कागजातों की जांच के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की गई थी। घायल अजीत का आरोप है कि रास्ते से हटाने के इरादे से इस वारदात को अंजाम दिया। दरवाजे पर अपराधियों ने घेरा घायल अजीत कुमार ने बताया कि शुक्रवार को गांव में ही भोज खाकर घर लौटा था। इसके बाद अपने घर के दरवाजे पर सो गए। इसी बीच देर रात उनके पड़ोसी परिवार के 5 से 6 लड़के हथियार के साथ वहां पहुंचे, जिनसे जमीन का विवाद चल रहा है। इससे पहले कि कुछ समझ पाता, दरवाजे पर चढ़कर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। टारगेट करके चार गोलियां मारी गई, जिससे वह लहूलुहान हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन दौड़े, तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। डॉक्टर बोले- हालत गंभीर बनी हुई है घायल का इलाज कर रहे डॉक्टर अमृतांशु प्रांजल ने बताया कि कुल चार गोलियां लगी है। अत्यधिक ब्लीडिंग के कारण मरीज की हालत गंभीर बनी हुई है। शरीर के अंदर एक गोली फंसी हुई है। जिसे ऑपरेशन करके निकाला जाएगा। SSP बोले- तीन पड़ोसी हिरासत में, जांच जारी मामले में मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि आपसी जमीनी विवाद में यह गोलीबारी हुई है। इस परिवार में पूर्व में भी हत्या का मुकदमा दर्ज है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। घायल के प्रारंभिक बयान और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन पड़ोसियों को हिरासत में लिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
Source link

