सीतापुर में ट्रक और कार की भिड़ंत:कार खाई में पलटी, सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल
सीतापुर के मानपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम करीब सात बजे बिसवां-सीतापुर मार्ग पर कटरा पुल के समीप एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के बघाईन निवासी 50 वर्षीय प्रदीप पांडे अपने साथियों मोहम्मद आसिफ पुत्र नौशाद और मोबीन के साथ अर्टिगा कार से महमूदाबाद से सीतापुर की ओर आ रहे थे। जैसे ही उनकी कार मानपुर थाना क्षेत्र के कटरा पुल के पास पहुंची, सामने से आ रहे ट्रक से उसकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मानपुर थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैराबाद भेजा गया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में तीनों का उपचार जारी है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए बिसवां-सीतापुर मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। प्रभारी निरीक्षक आशुतोष मिश्रा का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर आमने-सामने की टक्कर में हादसा होने की बात सामने आई है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link

