क्रिकेट विवाद पर 2 पक्षों में झड़प:गोपालगंज में 10 लोग घायल, लाठी-डंडों से हमला
गोपालगंज जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र के बुचिया कला गांव में बच्चों के बीच हुए क्रिकेट विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस झड़प में दोनों पक्षों के कुल 10 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। यह विवाद तीन दिन पहले बच्चों के क्रिकेट खेलने के दौरान शुरू हुआ था, जिसमें किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। उस समय ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत करा दिया था। हालांकि, पुरानी रंजिश के चलते आज दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला विवाद पहले गाली-गलौज से शुरू हुआ और जल्द ही मारपीट में बदल गया। दोनों ओर से लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला किया गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों में वकील राम की 17 वर्षीय बेटी प्रिया कुमारी, 16 वर्षीय बेटा आशीष कुमार और 36 वर्षीय पत्नी रेणु देवी शामिल हैं। दूसरे पक्ष से दिलीप कुमार की 21 वर्षीय पत्नी अंजली कुमारी और उनके पति दिलीप कुमार राम घायल हुए हैं। कृष्णा राम के परिवार से 45 वर्षीय पत्नी दुर्गावती देवी, 19 वर्षीय बेटी नीतू कुमारी, 14 वर्षीय गोल्डी कुमारी, 18 वर्षीय बेटा अभिषेक कुमार और 16 वर्षीय पंकज कुमार भी घायल हुए हैं। घायलों के सिर और हाथ-पैरों में गंभीर चोटें डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों के सिर और हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना भी किया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील की है।
Source link

