करोड़ों की ठगी कर भागा दुबई भागा ज्वेलर गिरफ्तार:सोने-चांदी में मोटा मुनाफा कमाने का देता था लालच; परिचित बुजुर्ग को ही ठगा
जोधपुर की सरदारपुरा थाना पुलिस ने करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक शातिर ज्वेलर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के देश से भागने के बाद लुकआउट नोटिस के जरिए इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (नई दिल्ली) से पकड़कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ करोड़ों की धोखाधड़ी की 12 से ज्यादा शिकायत दर्ज है। आरोपी जोधपुर कमिश्नरेट के कई अन्य थानों में भी वांछित चल रहा था। सरदारपुरा थाना पुलिस ने बताया कि मामले में ज्वेलर जनक सोनी (43) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ सरदारपुरा निवासी पीड़ित सुरेश डोसी (60) ने कोर्ट के इस्तगासे के जरिए कट्टा ज्वेलर्स के मालिक जनक सोनी, उसके भाई निर्मल सोनी और पिता नौरतमल सोनी के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। परिचित ज्वेलर ने ही दिया धोखा पीड़ित सुरेश डोसी ने बताया कि उनकी स्वर्गीय माताजी ने उन्हें पुश्तैनी व एंटीक जेवरात सौंपे थे, जिनमें सोने की रामनवमी, गजरा जोड़ी, कन्दोरा, हथफूल, आड़ और सोने की चैन शामिल थी। कुल 1565.460 ग्राम वजनी इन एंटीक जेवरातों को बेचने के लिए उन्होंने पुरानी जान-पहचान के कारण ज्वेलर जनक सोनी से संपर्क किया था। जुलाई 2022 में आरोपी जनक सोनी अपने भाई और पिता के साथ पीड़ित के ऑफिस पहुंचा और गहने लेकर 5 प्रतिशत कमीशन पर अधिकतम 6 महीने में इन्हें जोधपुर या विदेश में अच्छे दामों पर बिकवाने का भरोसा दिया, जिसकी बाकायदा रसीद भी दी गई। निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी जब आरोपी ने राशि नहीं लौटाई, तो पीड़ित उसकी दुकान पर चक्कर काटने लगा। दबाव बनाने पर आरोपी ने गारंटी के तौर पर आईसीआईसीआई बैंक के दो खाली चेक थमा दिए। जब पीड़ित नवंबर 2024 में दोबारा तगादा करने पहुंचा, तो पता चला कि आरोपी दुकान बंद कर पूरे परिवार सहित गायब हो चुका है। आरोपियों ने सोची-समझी साजिश के तहत बुजुर्ग के करोड़ों के पुश्तैनी गहने हड़प लिए। भारत छोड़कर दुबई भागा था पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो सामने आया कि आरोपी जनक सोनी मुकदमा दर्ज होने से पहले ही शातिर तरीके से भारत छोड़कर दुबई भाग गया था पुलिस ने तकनीकी साधनों और आसूचना संकलन की मदद से आरोपी पर नजर रखी 30 जून 2026 को जैसे ही आरोपी दुबई से वापस नई दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा, उसे वहां मुस्तैद पुलिस टीम ने तुरंत दस्तयाब कर लिया। पुलिस के अनुसार- आरोपी जनक सोनी का तरीका-ए-वारदात बेहद शातिर था। वह आम लोगों को अपने झांसे में लेकर सोने-चांदी के व्यापार में मोटा मुनाफा कमाने और बाजार से अधिक ब्याज दिलाने का लालच देकर करोड़ों की ठगी को अंजाम देता था। महामंदिर थाने में भी उसके खिलाफ धोखाधड़ी के तीन बड़े मामले दर्ज हैं। करोड़ों के इस बड़े घोटालेबाज को पकड़ने वाली टीम का नेतृत्व सरदारपुरा थानाधिकारी जयकिशन सोनी ने किया। इस विशेष टीम में उपनिरीक्षक विश्राम, सहायक उपनिरीक्षक व अनुसंधान अधिकारी ओपाराम, हेड कॉन्स्टेबल प्रहलाद, कॉन्स्टेबल रमेश और राजाराम शामिल रहे।
Source link

