गोरखपुर सहोदय फेलिसिटेशन सेरेमनी:205 टॉपर्स और बेस्ट शिक्षकों को मिला सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
गोरखपुर सहोदय स्कूल्स एसोसिएशन (GSSA) की ओर से रविवार की दोपहर 2 बजे ‘फेलिसिटेशन सेरेमनी 6.0 और टीचर्स एक्सीलेंस अवॉर्ड’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 51 स्कूलों के 205 होनहार स्टूडेंट्स को मेडल, सर्टिफिकेट और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसमें कक्षा 10वीं और 12वीं के सिटी टॉपर्स के साथ सभी स्कूलों के टॉपर्स शामिल रहे। इसके साथ ही पढ़ाई में नए प्रयोग करने और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए काम करने वाले गुरुओं को ‘टीचर्स एक्सीलेंस अवॉर्ड’ दिया गया। इस कार्यक्रम में सीबीएसई बोर्ड से जुड़े स्कूलों के मैनेजर, डायरेक्टर, प्रिंसिपल, टीचर, छात्र और उनके पेरेंट्स बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप जलाने और सरमाउंट इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों की सरस्वती वंदना व सहोदय एंथम के साथ हुई। अच्छे नंबरों के साथ अच्छे नागरिक बनना जरूरी
सहोदय के अध्यक्ष अजीत दीक्षित ने स्वागत भाषण में कहा कि इस संगठन का मकसद सिर्फ अच्छे नंबर लाना नहीं, बल्कि बच्चों को देश का जिम्मेदार नागरिक बनाना है। वहीं कोषाध्यक्ष डॉ. सलील के. श्रीवास्तव ने संस्था के सफर के बारे में बताया कि साल 2013 में कुछ स्कूलों से शुरू हुआ यह सफर आज 75 से ज्यादा सीबीएसई स्कूलों का बड़ा परिवार बन चुका है। यह संस्था पिछले एक दशक से खेल, कल्चरल एक्टिविटीज, आईटी, हेल्थ और सोशल वर्क में लगातार काम कर रही है। कुलपतियों ने दिए सफलता के मूलमंत्र
एमएमएमयूटी की कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने छात्रों को जीवन में कामयाब होने के पांच मूलमंत्र दिए और कहा कि प्रतिभा के साथ विनम्रता और नैतिकता का होना बहुत जरूरी है। वहीं डीडीयू की कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि आज के दौर में आपसी कॉम्पिटिशन से ज्यादा एक-दूसरे के सहयोग की जरूरत है। उन्होंने शिक्षकों से नए तौर-तरीके अपनाने और छात्रों से हमेशा सीखते रहने की अपील की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान जेपी एजुकेशन अकादमी, पीएन नेशनल पब्लिक स्कूल और ब्लॉसम सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों ने देशभक्ति और भारतीय संस्कृति पर आधारित बेहतरीन डांस और नाटक पेश कर सबका मन मोह लिया। इस मौके पर स्कूल्स एसोसिएशन गोरखपुर के संरक्षक अजय शाही, सचिव माधवेंद्र पाण्डेय और सहोदय की संरक्षक डॉ. मीना अधमी समेत कई दिग्गज मौजूद रहे। अंत में सहोदय की सचिव डॉ. सीमा राय ने आए हुए सभी मेहमानों, मीडिया और आयोजन टीम का धन्यवाद किया। राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसका संचालन रीना मसीह और रीना सिंह ने किया।
Source link

