ऊना में बड़साला पुल कल से खुलेगा:PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह बोले- 2 करोड़ रुपए से तैयार हुआ है, सड़क का लिया जायजा
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शुक्रवार को ऊना जिले के बड़साला में क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने मरम्मत कार्यों का जायजा लिया। मंत्री ने बताया कि लगभग 200 मीटर लंबे इस पुल की मरम्मत पर दो करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। यह पुल शनिवार से वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। विक्रमादित्य सिंह ने इस अवसर पर कहा कि हिमाचल सरकार सड़कों और पुलों के सुदृढ़ीकरण को विकास की आधारभूत आवश्यकता मानती है। सरकार गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना के निर्माण और समयबद्ध रखरखाव पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने प्रदेश के हर क्षेत्र में सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। मंत्री ने बसाल-नंगल सलागड़ी सड़क का भी निरीक्षण किया इसके बाद मंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत अपग्रेड की जा रही बसाल-नंगल सलागड़ी सड़क का भी निरीक्षण किया। सात किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर 9 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस सड़क के बनने से बसाल, चलोला और नंगल सलागड़ी सहित आसपास के लगभग एक हजार लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। इससे पूर्व, लोक निर्माण मंत्री ने जिला परिषद ऊना के टक्का से नवनिर्वाचित सदस्य सुमित कुमार शर्मा द्वारा आयोजित आभार मिलन कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं। बाद में उन्होंने प्राचीन शिव मंदिर बनोड़े महादेव में माथा टेका और विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा, चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (आईटी एंड इनोवेशन) गोकुल बुटेल, ऊना कांग्रेस के जिलाध्यक्ष देसराज गौतम और कुटलैहड़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विवेक मिंका सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Source link

