जालंधर में ROB के विरोध में बाजार बंद:रोजगार छिनने की आशंका पर दुकानदारों का प्रदर्शन; कहा-ओवरब्रिज बनने से व्यापार होगा ठप
जालंधर के गुरुनानक पुरा में प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के विरोध में दुकानदारों और लोगों ने आज प्रदर्शन किया। इस दौरान इलाके की पूरी मार्केट बंद रखी गई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ओवरब्रिज बनने से उनके रोजगार छिन जाएंगे और व्यापार ठप हो जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि एक सप्ताह पहले रेल राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू ने गढ़ा और गुरुनानकपुरा ओवरब्रिज का उद्घाटन किया था। इस दौरान उनसे ओवरब्रिज की जगह अंडरब्रिज बनाने की अपील की गई थी। करोड़ों का नुकसान होने का अनुमान दुकानदारों ने नंगलशामा रोड पर बने पुल का उदाहरण दिया, जहां 300 से अधिक दुकानदारों का कामकाज ठप हो गया था और कई घरों के निकासी मार्ग बंद हो गए थे। उनका डर है कि गुरुनानक पुरा फाटक पर नया ओवरब्रिज बनने से उनकी दुकानें भी बंद हो जाएंगी, जिससे उन्हें करोड़ों का नुकसान होगा। भाजपा नेता रविंद्र धीर ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखा लेटर भाजपा नेता रविंद्र धीर ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर अंडरब्रिज बनाने की अपील की है। स्थानीय निवासी अनीता अरोड़ा ने कहा कि आरओबी बनने से दुकानदारों को भारी नुकसान होगा। उन्होंने अंडरब्रिज बनाने की मांग करते हुए यह भी कहा कि ओवरब्रिज के नीचे अक्सर नशेड़ियों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे आसपास के लोगों में छीना-झपटी का खतरा बढ़ जाता है। बच्चों को स्कूल और कॉलेज जाने में होगी परेशानी एक बुजुर्ग व्यक्ति ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि यदि ओवरब्रिज बनता है, तो नगर निगम को 3 साल तक दुकानदारों और घरों से प्रॉपर्टी टैक्स, पानी बिल सहित अन्य टैक्स नहीं लेने चाहिए। उन्होंने यह भी चिंता जताई कि ओवरब्रिज बनने से बच्चों को स्कूल और कॉलेज जाने में परेशानी होगी। उन्होंने दावा किया कि इलाके में आराम से अंडरब्रिज बन सकता है, लेकिन ओवरब्रिज से दुकानदारों का कामकाज ठप हो जाएगा और उन्हें करोड़ों का नुकसान होगा, जिससे इलाका निवासियों के पास “आत्महत्या के अलावा कोई विकल्प नहीं रह जाएगा।”
Source link

