देवरिया मेडिकल कॉलेज में महिला की मौत:परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप, जांच के निर्देश
देवरिया में महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में सोमवार रात इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने इमरजेंसी में तैनात चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं, मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मामले की जांच कराने की बात कही है। मृतका की पहचान सुरौली थाना क्षेत्र के पैकौली महाराज गांव निवासी अतवारी देवी (75), पत्नी स्वर्गीय त्रिवेणी गोंड के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सोमवार शाम करीब 4 बजे अतवारी देवी को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था। प्रारंभिक जांच के बाद चिकित्सकों ने शाम 5 बजे उन्हें अस्पताल के बाहर अल्ट्रासाउंड कराने के लिए भेज दिया। परिजनों का कहना है कि अल्ट्रासाउंड कराने के बाद वह करीब 5:30 बजे वापस मेडिकल कॉलेज पहुंचीं, लेकिन इसके बाद भी उनका समुचित इलाज शुरू नहीं किया गया। आरोप है कि महिला करीब चार घंटे तक बिना उपचार के अस्पताल में पड़ी रहीं। इस दौरान उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और रात करीब 9 बजे उनकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में नाराजगी जताई। मौके पर मौजूद अस्पताल कर्मियों और अन्य लोगों ने उन्हें समझाकर शांत कराया। इसके बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने शव वाहन से शव को उनके घर भिजवा दिया। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है। यदि परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है, तो पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link

