बीजापुर में बारिश के बीच राहत दल का साहस:उफनती तालपेरु नदी में तीन ऑपरेशन,गर्भवती, नवजात समेत 7 पर्यटकों का सुरक्षित रेस्क्यू
बीजापुर जिले के उसूर ब्लॉक में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच राहत एवं बचाव दल ने तीन अलग-अलग रेस्क्यू ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरे किए। उफनती नदियों और खराब मौसम के बावजूद टीम ने गर्भवती महिला, प्रसूता और नवजात को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया, वहीं लंकापल्ली में फंसे सात पर्यटकों का भी सुरक्षित रेस्क्यू किया। जानकारी के अनुसार, ग्राम डल्ला में एक गर्भवती महिला को प्रसव के लिए तत्काल अस्पताल ले जाने की जरूरत थी। भारी बारिश के कारण तालपेरु नदी उफान पर थी, लेकिन राहत दल ने जोखिम उठाते हुए नदी पार की और महिला को सुरक्षित बासागुड़ा अस्पताल पहुंचाया। प्रसूता और नवजात को भी सुरक्षित निकाला इसी तरह ग्राम बांडागुड़ा में प्रसव के बाद एक महिला और उसके नवजात शिशु को अस्पताल ले जाना आवश्यक था। राहत दल ने एक बार फिर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में तालपेरु नदी पार कर दोनों को सुरक्षित बासागुड़ा अस्पताल पहुंचाया। लंकापल्ली में फंसे 7 पर्यटकों का रेस्क्यू लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण ग्राम लंकापल्ली में सात पर्यटक फंस गए थे। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकालकर सकुशल उनके गंतव्य तक पहुंचाया। लगातार बारिश से बढ़ी मुश्किलें उसूर क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर लगातार बढ़ा हुआ है, जिससे कई इलाकों का संपर्क प्रभावित हुआ है। ऐसे हालात में राहत एवं बचाव दल की त्वरित कार्रवाई से गर्भवती महिला, प्रसूता, नवजात और पर्यटकों की सुरक्षित जान बचाई जा सकी।
Source link

