आज से 6 अगस्त तक झारखंड में बारिश का अलर्ट:संथाल परगना में तेज हवा-वज्रपात, राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश के आसार
झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने आज से 6 अगस्त तक राज्य के विभिन्न जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और कई जगहों पर वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार, अलग-अलग दिनों में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का प्रभाव देखने को मिलेगा। पिछले 24 घंटे में हजारीबाग में सबसे अधिक 43.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि राजधानी रांची में दिनभर बादल छाए रहने के बावजूद बारिश नहीं हुई। आज संथाल के जिलों में होगी बारिश मौसम विभाग के अनुसार आज संताल परगना के गोड्डा, साहेबगंज, दुमका, पाकुड़ और देवघर जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। 4 अगस्त को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, कोडरमा, हजारीबाग और रामगढ़ में तेज बारिश के आसार हैं। वहीं 5 अगस्त को फिर से संताल परगना के साथ जामताड़ा, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश हो सकती है। 6 अगस्त को उत्तर-पश्चिमी और मध्य झारखंड के गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी, रांची, लोहरदगा और गुमला में यलो अलर्ट जारी किया गया है। तेज हवा और वज्रपात का खतरा मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान कई इलाकों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात हो सकता है, जिससे जान-माल का खतरा बना रहेगा। पिछले दिनों वज्रपात से राज्य में छह लोगों की मौत हो चुकी है। जिसमें रामगढ़ और गिरिडीह के मामले प्रमुख हैं। वहीं गोड्डा में भी आकाशीय बिजली गिरने से मौत हुई है। मौसम विभाग की ओर से खेतों में काम कर रहे लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। विभाग का अनुमान है कि चार से छह अगस्त के बीच कई जिलों में 65 से 115 मिमी तक वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही तापमान में भी 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। बारिश से जनजीवन हुआ प्रभावित राजधानी रांची में रविवार देर शाम हुई बारिश के बाद कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। रातू रोड, हरमू रोड और अपर बाजार जैसे क्षेत्रों में घंटों अंधेरा छाया रहा। कई जगहों पर घरों में पानी घुसने की भी शिकायतें सामने आई हैं। लोगों ने बिजली विभाग से मानसून के दौरान बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और अधिक सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।
Source link

