फरीदकोट जेल में बिगड़ी तबीयत:अस्पताल में हवालाती की मौत: 3 महीने से NDPS केस में था बंद, पोस्टमार्टम आज
फरीदकोट की केंद्रीय मॉडर्न जेल में बंद एक हवालाती की स्थानीय गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रेम नगर, कोटकपूरा निवासी भूपिंदर सिंह पुत्र गुरदीप सिंह के रूप में हुई है। वह नशा तस्करी से जुड़े एक मामले में पिछले करीब तीन महीने से न्यायिक हिरासत के तहत जेल में बंद था। जानकारी के अनुसार, थाना सिटी कोटकपूरा पुलिस ने भूपिंदर सिंह को 14 मई 2026 को एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में गिरफ्तार किया था। इसके बाद 15 मई 2026 से उसे केंद्रीय मॉडर्न जेल, फरीदकोट में रखा गया था। जेल प्रशासन को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार जेल प्रशासन के मुताबिक 11 अगस्त 2026 को जेल में बंद भूपिंदर सिंह की अचानक तबीयत खराब हो गई। उसकी हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल इलाज के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, फरीदकोट में भर्ती करवाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार शुरू किया गया, लेकिन मंगलवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल जेल प्रशासन और संबंधित विभाग मामले में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई कर रहे हैं।
Source link

