चतरा में 3 लाख की ब्राउन शुगर जब्त:दो कुख्यात तस्कर गिरफ्तार, दोनों का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास
चतरा पुलिस ने नशे के काले कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कुख्यात तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लगभग 2 से 3 लाख रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर बरामद की गई है। गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान कुंजरटोली निवासी मो. राजा उर्फ तालिम (28) और असढीया निवासी आदित्य कुमार यादव (22) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए दोनों तस्करों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और पुलिस लंबे समय से उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। यह कार्रवाई 11 अगस्त 2026 की शाम चतरा एसपी को मिली एक सटीक गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना में बताया गया था कि सदर थाना क्षेत्र में जितनी मोड़ के आगे बैहरा टांड के खाली मैदान में रात के अंधेरे में ब्राउन शुगर की एक बड़ी डील होने वाली है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए, एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ (सदर) सन्नी वर्धन के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तय समय पर बैहरा टांड के खाली मैदान की घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान वहां ड्रग्स की खरीद-बिक्री कर रहे दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया।
Source link

