हांसी DPRO पर रिश्वत मांगने का आरोप, VIDEO वायरल:यू-ट्यूबर बोला-सरकारी विज्ञापन दिलवाने के एवज में रुपए मांगे; अधिकारी ने कहा-पैसों को लेकर बात नहीं हुई
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हांसी पहुंचने से ठीक पहले एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसने जिला प्रशासन में हलचल मचा दी। इस वीडियो में कथित तौर पर जिला जनसंपर्क अधिकारी (डीपीआरओ) बलवान सिंह पर सरकारी विज्ञापन की फाइल स्वीकृत कराने के बदले 50 हजार रुपए मांगने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, डीपीआरओ ने इन आरोपों से इनकार किया है। डीपीआरओ का कहना है कि ऐसी कोई बात नहीं है। मैंने कुछ नहीं कहा। यू-ट्यूबर राहुल मेरे पास फाइल लेकर आए थे। सोशल मीडिया कि किसी फाइल पर साइन नहीं होते। पैसों को लेकर भी मेरी कोई बात नहीं हुई। वहीं, यू-ट्यूबर राहुल राजपूत ने आरोप लगाया है कि उनसे सरकारी विज्ञापन की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में 50 हजार रुपए की मांग की गई थी। राहुल का दावा है कि वायरल वीडियो में वह अपने साथी के साथ डीपीआरओ बलवंत सिंह और हांसी में तैनात पीआरओ सुनील के पास बातचीत करते दिख रहे हैं, जहां फाइल और पैसों को लेकर चर्चा हुई। यू-ट्यूबर बोला- चंडीगढ़ भी शिकायत की थी यू-ट्यूबर राहुल राजपूत के अनुसार, उन्होंने इस मामले की शिकायत चंडीगढ़ स्थित विभागीय अधिकारियों से भी की थी। उनका दावा है कि इसके बाद चंडीगढ़ से डीपीआरओ को फोन भी किया गया था। वायरल वीडियो में कथित तौर पर नोटों की गड्डी और काम करवाने से संबंधित बातचीत सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। राहुल ने यह भी दावा किया है कि वीडियो में मुख्यमंत्री का संदर्भ भी आया है। हालांकि, वीडियो की पूरी रिकॉर्डिंग और बातचीत के संदर्भ की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। इस पूरे मामले की सच्चाई वीडियो की पूरी रिकॉर्डिंग, संबंधित फाइल और उसकी विभागीय प्रक्रिया की जांच के बाद ही सामने आएगी। पीड़ित राहुल राजपूत ने कहा है कि वह अधिकारियों को इस संबंध में लिखित शिकायत भी देंगे।
Source link

