यूथ अकाली दल प्रधान झिंजर के काफिले का एक्सीडेंट:पटियाला-चंडीगढ़ हाईवे पर पीछे से वाहन ने मारी टक्कर, दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त
यूथ अकाली दल के अध्यक्ष सरबजीत सिंह झिंजर का काफिला पंजाब के पटियाला-चंडीगढ़ हाईवे पर एक सड़क हादसे का शिकार हो गया। गगन फैक्ट्री के पास हुई इस घटना में उनके काफिले की दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि, हादसे में सरबजीत सिंह झिंजर और उनके साथ मौजूद सभी लोग सुरक्षित बच गए। जानकारी के अनुसार, सरबजीत सिंह झिंजर राजपुरा स्थित नीलम अस्पताल में एक परिचित से मिलने गए थे। अस्पताल से लौटते समय वे अपने विधानसभा क्षेत्र घन्नौर की ओर जा रहे थे। यह हादसा तब हुआ जब उनका काफिला पटियाला-चंडीगढ़ रोड पर गगन फैक्ट्री के पास पहुंचा। गाड़ी के सामने अचानक वाहन आने से हादसा बताया गया है कि झिंजर की गाड़ी के आगे अचानक एक अन्य वाहन आ गया। उसे बचाने के प्रयास में ड्राइवर ने ब्रेक लगाए। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनके काफिले की गाड़ियों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि झिंजर के काफिले में शामिल दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। गाड़ियों का पिछला और अगला हिस्सा गंभीर रूप से प्रभावित हुआ। हादसे के समय दोनों गाड़ियों में झिंजर के साथ उनके अन्य साथी भी सवार थे, जो सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचित किया गया। सरबजीत सिंह झिंजर और उनके साथियों ने राजपुरा पुलिस थाने में इस दुर्घटना की औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और टक्कर मारने वाले वाहन तथा उसके चालक की तलाश की जा रही है।
Source link

