दाता सिंहवाला-खनौरी बॉर्डर पर किसानों का आंदोलन स्थगित:किसान नेता जगजीत डल्लेवाल ने की घोषणा, 4 सितंबर को केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल के साथ होगी मीटिंग




हरियाणा के जींद जिले में दाता सिंहवाला-खनौरी बॉर्डर पर किसानों का अर्धनग्न मार्च स्थगित कर दिया गया है। यह निर्णय किसानों और स्थानीय प्रशासन के बीच हुई वार्ता के बाद लिया गया। प्रशासन ने किसानों को 4 सितंबर को केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ उच्चस्तरीय बैठक कराने का लिखित आश्वासन दिया है। बुधवार की सुबह नरवाना के एसडीएम जगदीश चंद्र और डीएसपी कमलदीप राणा के नेतृत्व में प्रशासनिक दल तथा किसान प्रतिनिधियों के बीच गहन चर्चा हुई। इस बैठक में किसानों की लंबित मांगों और उनके प्रस्तावित आंदोलन के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने किसान नेताओं को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को केंद्रीय स्तर पर पहुंचाने के लिए 4 सितंबर को मनोहर लाल खट्टर के साथ बैठक निर्धारित की गई है। पंजाब की सीमा में बैठे किसानों के बीच पहुंचे अधिकारी सहमति बनने के बाद, एसडीएम और डीएसपी स्वयं दाता सिंहवाला-खनौरी बॉर्डर पर पंजाब सीमा की ओर धरने पर बैठे किसानों के पास पहुंचे। उन्होंने किसानों को बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी दी। प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद, किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने घोषणा की कि 51 किसानों के जत्थे द्वारा प्रस्तावित पैदल मार्च और अर्धनग्न प्रदर्शन तत्काल प्रभाव से स्थगित किया जाता है। किसान नेता डल्लेवाल बोले- 4 सितंबर के बाद तय होगी आगे की रणनीति उन्होंने स्पष्ट किया कि 4 सितंबर की बैठक के परिणामों के आधार पर ही आगे की रणनीति तय की जाएगी। किसान नेताओं को उम्मीद है कि केंद्रीय ऊर्जा मंत्री के साथ इस वार्ता के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री के साथ भी जल्द ही एक दौर की बातचीत संभव होगी। इस मामले पर जानकारी देते हुए एसडीएम जगदीश चंद्र ने बताया कि किसानों के साथ वार्ता सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। उन्होंने यह भी कहा कि जैसे ही किसान बॉर्डर से वापस लौटना शुरू करेंगे, हरियाणा की तरफ सुरक्षा के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग हटा दी जाएगी। इससे आम जनता और यातायात को राहत मिलेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!