कोडरमा में अवैध अल्ट्रासाउंड क्लीनिक पर छापा:स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची, मशीन गायब मिली; दो संचालकों से की गई पूछताछ




कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के बासोडीह में बुधवार को एक अवैध अल्ट्रासाउंड क्लीनिक पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारा। ‘स्टार अल्ट्रासाउंड’ नामक इस क्लीनिक में छापेमारी के दौरान अल्ट्रासाउंड मशीन मौके पर नहीं मिली। अधिकारियों ने क्लीनिक को सील कर दिया और दो संचालकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। टीम ने मौके से लैपटॉप, रजिस्टर, कंप्यूटर और पेन ड्राइव सहित अन्य सामग्री जब्त की। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी की सूचना लीक होने के कारण टीम के पहुंचने से पहले ही अल्ट्रासाउंड मशीन को हटा दिया गया था। स्थानीय लोगों में मशीन हटाए जाने को लेकर प्रशासनिक स्तर पर मिलीभगत के आरोप लगाए जा रहे हैं, हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। जानकारी के अनुसार, सिविल सर्जन अनिल कुमार के नेतृत्व में टीम ‘स्टार अल्ट्रासाउंड’ पहुंची थी। चर्चा है कि सीएस के कुछ समय के लिए प्रखंड मुख्यालय में डीसी के कार्यक्रम में जाने के बाद मशीन को हटाया गया। छापेमारी की खबर फैलते ही सतगावां थाना क्षेत्र के बासोडीह और आसपास के इलाकों में संचालित कई ग्रामीण चिकित्सकों के क्लीनिक और मेडिकल स्टोर बंद हो गए। इससे आम लोगों को दवा और इलाज के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया जाता है कि ‘स्टार अल्ट्रासाउंड’ पिछले लगभग छह महीने से संचालित था और यहां मरीजों की काफी भीड़ रहती थी। सिविल सर्जन अनिल कुमार ने बताया कि जब्त की गई सभी सामग्री को उसी कमरे में रखकर सील कर दिया गया है। मशीन के संबंध में उन्होंने कहा कि अल्ट्रासाउंड मशीन मौके पर नहीं मिली। छापेमारी के दौरान क्लीनिक परिसर से संचालक अजीत कुमार और सलाउद्दीन शाह को पकड़ा गया। दोनों से पूछताछ कर आधार कार्ड लेने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के लिए दोनों को दोबारा बुलाया जा सकता है। मौके पर बीडीओ मनोज कुमार रवि, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुरेश राम, एसआई अरविंद सिंह समेत दर्जनों पुलिस जवान मौजूद थे। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य संस्थानों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!