हिसार पुलिस ने चलाया नशा मुक्ति अभियान:पीड़ितों को इलाज से जोड़ने की अपील; युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए किया प्रेरित




युवाओं को नशे से दूर रखने और नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार से जोड़ने के लिए हिसार पुलिस का नशा विरोधी जागरूकता अभियान लगातार जारी है। नशा मुक्ति पुलिस टीम ने थाना बरवाला क्षेत्र के गांव राजली और बाड़ोपट्टी में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान विद्यार्थियों, ग्रामीणों और नशा पीड़ितों से संवाद किया गया। नशा मुक्ति पुलिस टीम के सब इंस्पेक्टर हवा सिंह ने गांव राजली के राजकीय माध्यमिक विद्यालय में करीब 220 छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और पढ़ाई, खेल तथा सकारात्मक गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित कर भविष्य संवारने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान साइबर अपराध, महिला अपराध और यातायात नियमों के बारे में भी जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में प्रिंसिपल सुशील पुनियां, वाइस प्रिंसिपल सुमन सैनी, असिस्टेंट लेक्चरार राजपाल समेत स्कूल स्टाफ मौजूद रहा। 9 नशा पीड़ितों को उपचार और दवाइयां दीं अभियान के दौरान टीम ने सरपंच, ग्रामीणों, नशा पीड़ितों और उनके परिजनों से बातचीत की। टीम ने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान बताए तथा पीड़ितों को नियमित उपचार और दवा लेने के लिए प्रेरित किया। कुल 9 नशा पीड़ितों को उपचार व दवा उपलब्ध करवाने में सहायता की गई। इनमें दो को नागरिक अस्पताल हिसार से पहली बार एलोपैथिक दवा, चार को दूसरी बार एलोपैथिक दवा और तीन लोगों को टीम ने घर पहुंचकर पहली बार आयुर्वेदिक दवा उपलब्ध करवाई। नशा तस्करों की सूचना देने की अपील पुलिस ने ग्रामीणों से नशा तस्करी की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। साथ ही नशा पीड़ितों को अपराधी समझकर उनसे दूरी बनाने के बजाय उपचार के लिए प्रेरित करने को कहा। पुलिस अधीक्षक हिसार ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। युवाओं को शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर ही स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!