विनोद साहनी का हत्या से पहले का ऑडियो:चंद्रशेखर की पार्टी से चुनाव लड़ने पर कर रहे थे चर्चा; बोला- आजाद ने कहा था, 20 हजार की रसीद कटवाओ
गोंडा के परसपुर थाना क्षेत्र के रेक्सड़िया गांव निवासी विनोद साहनी की हत्या से पहले का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह ऑडियो 26 अगस्त का है। करीब 4 मिनट 15 सेकंड के ऑडियो में विनोद साहनी अपने बहराइच निवासी रिश्तेदार अमित से फोन पर चुनाव लड़ने को लेकर बातचीत करते सुनाई दे रहे हैं। हालांकि, वायरल ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। वायरल ऑडियो में अमित चुनाव लड़ने के बारे में पूछते हैं। इस पर विनोद साहनी आजाद समाज पार्टी से चुनाव लड़ने की बात कहते हैं। वह गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर भी चर्चा करते सुनाई देते हैं। बातचीत में वह कहते हैं कि जिस गठबंधन में जिस पार्टी के खाते में सीट जाएगी, उसी पार्टी से चुनाव लड़ने का फैसला हो सकता है। बोले- चंद्रशेखर आजाद ने 20 हजार की रसीद कटवाने को कहा ऑडियो में विनोद साहनी कथित तौर पर कहते हैं कि वह चंद्रशेखर आजाद से मिलने गए थे। उनके मुताबिक, चंद्रशेखर आजाद ने चुनाव लड़ने के लिए 20 हजार रुपए की रसीद कटवाने की बात कही थी। विनोद यह भी कहते सुनाई दे रहे हैं कि इतनी रकम जुटाने में भी उनके लिए परेशानी है, क्योंकि रोज कमाई नहीं होगी तो घर में शाम का खाना बनाना मुश्किल हो जाता है। ’10-5 लाख रुपए खर्च कर दिए तो क्या मिलेगा’ बातचीत में विनोद साहनी चुनाव में होने वाले खर्च को लेकर भी चिंता जताते हैं। वह कहते हैं कि अगर जल्दबाजी में चुनाव लड़ने के लिए 5-10 लाख रुपए खर्च कर दिए तो इसका क्या फायदा होगा। इतनी रकम कमाने में काफी समय लगेगा। इसलिए जल्दबाजी में चुनाव नहीं लड़ना चाहिए। रिश्तेदार अमित भी उन्हें चुनाव में खर्च को लेकर सोच-समझकर फैसला लेने की सलाह देते हैं। वह कहते हैं कि अगर पांच गाड़ियां भी चलवाई जाएंगी तो करीब 5 लाख रुपए का डीजल-पेट्रोल खर्च हो सकता है। सपा-भाजपा से टिकट मिलने पर खेत बेचकर लड़ने की बात ऑडियो में विनोद साहनी यह भी कहते सुनाई दे रहे हैं कि अगर सपा या भाजपा से टिकट मिलता है तो वे खेत बेचकर भी चुनाव लड़ने की बात कह सकते हैं, क्योंकि वहां जीतने की संभावना उन्हें ज्यादा दिखाई देती है। दूसरी पार्टियों को लेकर वह जीत की संभावना उतनी पक्की नहीं मानते। यूपी चुनाव को लेकर भी हुई चर्चा बातचीत में उत्तर प्रदेश के आगामी चुनाव और आजाद समाज पार्टी को लेकर भी चर्चा होती है। विनोद साहनी कहते हैं कि फिलहाल उत्तर प्रदेश का चुनाव नजदीक है और पहले यहां की स्थिति देखनी चाहिए। अगर पार्टी चार-पांच या 10 सीटें जीतती है तो इसे अच्छा परिणाम माना जा सकता है। बातचीत में उत्तराखंड में भी पार्टी को चुनाव लड़ाने की चर्चा होती है। हत्या के बाद सामने आया ऑडियो विनोद साहनी की हत्या के बाद यह पुराना ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें चुनाव लड़ने, टिकट, गठबंधन और चुनावी खर्च को लेकर उनकी बातचीत सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। पुलिस की जांच में इस ऑडियो की भूमिका और इसकी प्रामाणिकता को लेकर स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी।
Source link

