जहानाबाद में महिलाओं के लिए पिंक बस सेवा शुरू:पटना-जहानाबाद-हुलासगंज रूट पर चलेगी; महिला कंडक्टर, हर सीट के पास चार्जिंग पॉइंट, UPI की सुविधा होगी
जहानाबाद में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए सोमवार को पिंक बस सेवा शुरू की गई। समाहरणालय परिसर से सांसद सुरेन्द्र प्रसाद, घोसी विधायक ऋतुराज कुमार, जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया और पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) की ओर से यह बस चलाई जाएगी। बस पटना-जहानाबाद-हुलासगंज रूट पर चलेगी। इसका मकसद महिलाओं, छात्राओं और दूसरी महिला यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और भरोसेमंद सफर देना है। हर सीट के पास मोबाइल चार्जिंग की सुविधा जिला प्रशासन के मुताबिक, महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बस में खास सुविधाएं दी गई हैं। हर सीट के पास मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट लगाया गया है। टिकट और यात्रियों की मदद के लिए महिला कंडक्टर की तैनाती की गई है। यात्री UPI के जरिए डिजिटल पेमेंट भी कर सकेंगे। इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्राओं को होगी सुविधा जिला प्रशासन ने बताया कि हुलासगंज स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं को आने-जाने में हो रही परेशानी को देखते हुए यह सेवा शुरू की गई है। इससे छात्राओं को सुरक्षित और डर-मुक्त माहौल में यात्रा करने में मदद मिलेगी। पटना, जहानाबाद और हुलासगंज के बीच सफर करने वाली दूसरी महिला यात्रियों को भी इस बस सेवा का फायदा मिलेगा। बस शुरू होने पर छात्राओं में दिखा उत्साह पिंक बस सेवा शुरू होने पर छात्राओं में काफी उत्साह दिखा। उन्होंने इस पहल का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का शुक्रिया अदा किया। कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी वीरेन्द्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता निपुन कुमारी, मोटरयान निरीक्षक ब्रजकिशोर कुमार समेत परिवहन विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Source link

