Amritsar Congress Leader Saurabh Madan Mintu Controversy
कांग्रेस की नेता शिवानी शर्मा ने यह वीडियो जारी किया, जिसमें गमले टूटे पड़े दिखे।
अमृतसर में कांग्रेस के जिला प्रधान सौरभ मदान उर्फ मिट्ठू के खिलाफ पार्टी की पंजाब पीसीसी डेलीगेट शिवानी शर्मा की शिकायत पर FIR दर्ज हुई है। शिवानी ने आरोप लगाया कि 3 अक्टूबर को सौरभ मदान अपने गनमैन और ड्राइवर के साथ उनके घर पहुंचे।
.
शिवानी शर्मा ने कहा कि
सौरभ मदान ने मेरे साथ बदसलूकी और गाली-गलौज की। विरोध करने पर धक्का देकर गिरा दिया गया। सौरभ मदान ने घर के बाहर रखे गमले भी तोड़ दिए और घर में काम करने वाली महिलाओं के साथ गलत व्यवहार किया।
थाना मकबूलपुरा पुलिस ने शिवानी के बयान के आधार पर BNS की चार धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि अभी इस मामले में जिला प्रधान सौरभ मदान का कोई बयान सामने नहीं आया है।
शिवानी शर्मा ये वीडियो जारी किया, जिसमें सौरभ मदान उनके घर के गेट पर खड़े दिखे।
शिवानी शर्मा ने ये आरोप लगाए…
- पुलिस को दिए बयान में शिवानी शर्मा ने बताया कि वह न्यू अमृतसर स्थित मकान नंबर B-19 में रहती हैं। कांग्रेस पार्टी की पंजाब पीसीसी डेलीगेट हैं। 3 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान कांग्रेस के जिला प्रधान सौरभ मदान उर्फ मिंटू अपनी सफेद रंग की फॉर्च्यूनर गाड़ी में गनमैन और ड्राइवर के साथ उनके घर के बाहर पहुंचे।
- शिवानी शर्मा के मुताबिक, उनकी बेटी समृद्धि शर्मा स्कूल से घर लौटी थी। उसने बताया कि सौरभ मदान मिलने आए हैं। इसके बाद शिवानी शर्मा कमरे से बाहर आईं और उन्होंने सौरभ मदान को घर के अंदर आने के लिए कहा।
- आरोप है कि इस दौरान सौरभ मदान उनके साथ बदतमीजी से बात करने लगे। जब उन्होंने इस तरह बात करने पर आपत्ति जताई और वहां से जाने के लिए कहा, तो सौरभ मदान ने बाहर जाते समय उनके साथ गाली-गलौज की।
- शिवानी शर्मा ने कहा कि सौरभ मदान ने उन्हें धक्का देकर पीछे गिरा दिया और घर का गेट जोर से बंद कर दिया। इसके अलावा घर के बाहर रखे गमलों को लात मारकर तोड़ दिया और घर में काम करने वाली महिलाओं के साथ भी गलत व्यवहार किया। उन्होंने अपने बयान में स्पष्ट किया कि सौरभ मदान के साथ आए गनमैन और ड्राइवर ने उनके परिवार के किसी सदस्य से कुछ नहीं कहा।
मामले की जांच कर रही पुलिस
पुलिस सब-इंस्पेक्टर पलविंदर पाल ने बयान की जांच के बाद सौरभ मदान के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 324(4), 79 और 333 के तहत मामला दर्ज करने की कार्रवाई की। 3 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे केस दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है। ये सभी आरोप शिकायतकर्ता के बयान पर आधारित हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
कौन हैं शिवानी शर्मा, जिसने FIR करवाई
शिवानी शर्मा अमृतसर की कांग्रेस नेता हैं। सितंबर 2021 में उन्हें अमृतसर महिला कांग्रेस (शहरी) का जिला प्रधान नियुक्त किया गया था। उन्हें डॉ. नवजोत कौर सिद्धू का करीबी माना जाता था। उन्होंने महिलाओं को ₹1000 भत्ता देने के वादे को लेकर पंजाब सरकार के खिलाफ कई प्रदर्शन किए। 4 अप्रैल 2026 को उन्होंने अंदरूनी अनबन और व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा को इस्तीफा सौंप दिया था।
कौन हैं सौरभ मदान, जिस पर FIR हुई
सौरभ मदान उर्फ मिट्ठू अमृतसर में जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) के अध्यक्ष हैं। वह पूर्व में यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष और नगर निगम के वार्ड नंबर 28 से पार्षद रह चुके हैं। उन्हें नवजोत सिंह सिद्धू का करीबी माना जाता है।
उनका नाम 2018 ट्रेन हादसे के बाद चर्चा में आया था। जोड़ा फाटक पर दशहरा समारोह के मुख्य आयोजक होने के कारण हादसे के बाद उन पर सुरक्षा इंतजामों और अनुमति को लेकर सवाल उठे थे। बाद में उन्होंने जांच अधिकारियों के सामने बयान दर्ज कराया था।
************
ये खबर भी पढ़ें:
पंजाब में कांग्रेस प्रधान बदलते ही फिर खेमेबाजी: वड़िंग के समर्थन में उतरे नेता, यूथ कांग्रेस के नेता दिल्ली पहुंचे; क्या संगठन में बदलाव करेंगे परगट?
जालंधर कैंट से विधायक और पूर्व मंत्री परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस का नया प्रधान बनाए जाने के बाद पार्टी में गुटबाजी फिर बढ़ने लगी है। पूर्व प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के समर्थक खुलकर उनके पक्ष में उतर आए हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

