Panipat Youth Found Dead in Auto


पानीपत8 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

जिला नागरिक अस्पताल पहुंचे मृतक सुधीर के परिजन।

पानीपत की मुखीजा कॉलोनी में बुधवार सुबह मिले शव के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतक की पहचान गोहाना स्थित आदर्श नगर निवासी सुधीर (21) के तौर पर हुई है। जो सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसे अस्पताल पहुंचाने के बजाय एक ऑटो चालक और उसका साथी रातभर ऑटो में लेकर घूमते रहे।

परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने सुधीर की जेब से नकदी, कपड़े और सोने की अंगूठी निकाल ली। इतना ही नहीं, आरोप है कि दोनों युवक शव को अपने घर भी ले गए। परिजनों के विरोध के बाद शव को वापस ले जाकर बुधवार अलसुबह मुखीजा कॉलोनी के पास खेतों में फेंक दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया।

परिजनों के अनुसार सुधीर मंगलवार शाम अपने भांजे सन्नी के साथ गोहाना के पास फैक्ट्री में काम करने वाले बड़े भाई को लेने के लिए बाइक से निकला था। राधा स्वामी सत्संग के पास रात करीब आठ बजे उनकी बाइक सड़क पर आई गाय से टकरा गई। हादसे में मामा-भांजा गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए थे।

मृतक सुधीर का फाइल फोटो।

राहगीर ने 300 रुपये देकर अस्पताल पहुंचाने को कहा

हादसे के बाद एक राहगीर ने दोनों घायलों को ऑटो में बैठाया और चालक को 300 रुपये किराया देकर उन्हें खानपुर अस्पताल पहुंचाने के लिए कहा। ऑटो चालक अपने साथी के साथ दोनों घायलों को लेकर अस्पताल की ओर रवाना हुआ। हालांकि, कुछ देर बाद राहगीर को ऑटो के रास्ता बदलने पर शक हुआ। उसने ऑटो का पीछा करना शुरू कर दिया।

अस्पताल पहुंचे मृतक के परिजन।

पुलिस को दी सूचना

परिजनों के मुताबिक राहगीर ने देखा कि ऑटो चालक अस्पताल जाने के बजाय मुड़लाना चौकी से पहले एक अप्रोच रोड की तरफ मुड़ गया। राहगीर ने घटनाक्रम की वीडियो भी बनाई और डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। दूसरी तरफ सुधीर और सन्नी के परिजन भी दोनों की तलाश में निकल पड़े और पुलिस से संपर्क किया।

मृतक सुधीर के परिजन।

होश आने पर ऑटो से उतर गया सन्नी

परिजनों का कहना है कि रास्ते में सन्नी को होश आ गया और वह ऑटो से नीचे उतर गया, जबकि सुधीर गंभीर हालत में ऑटो में ही रह गया। आरोप है कि इसके बाद चालक सुधीर को लेकर चला गया और रातभर उसे ऑटो में लेकर घूमता रहा। परिजनों ने आरोप लगाया कि चालक और उसका साथी सुधीर के शव को अपने घर भी ले गए। विरोध होने के बाद शव को वहां से ले जाकर बुधवार अलसुबह मुखीजा कॉलोनी के पास खेतों में फेंक दिया गया।

जेब से सामान निकालने का आरोप

परिजनों ने आरोप लगाया कि ऑटो चालक और उसके साथी ने सुधीर की जेब से नकदी, कपड़े और सोने की अंगूठी निकाल ली। बाद में मुखीजा कॉलोनी के पास से मिले शव को पानीपत पुलिस पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल लेकर आई। परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद वे वीरवार को अस्पताल पहुंचे और पोस्टमार्टम कराया।

परिजनों का कहना है कि उन्होंने अपने स्तर पर पड़ताल की तो पता चला कि ऑटो चालक और उसका साथी पानीपत के सौंधापुर गांव के रहने वाले हैं। घटना को लेकर परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

एक साल पहले हुई थी शादी

सुधीर तीन भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी शादी करीब एक साल पहले ही हुई थी। हादसे के बाद उसकी मौत और इसके बाद शव के साथ कथित तौर पर किए गए व्यवहार की जानकारी मिलने से परिवार में मातम पसरा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद युवक की मौत के कारण तथा हादसे के बाद हुई घटनाओं की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!