भोजपुर- यौन उत्पीड़न के विरोध में भाजपा का धरना:राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग, कांग्रेस सांसद की गिरफ्तारी के लिए आंदोलन जारी रखने की चेतावनी




कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर लगे कथित यौन उत्पीड़न के विरोध में भाजपा की भोजपुर इकाई की ओर से एक दिवसीय धरना दिया गया। भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुशुमलता कुशवाहा, बड़हरा विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद के नेतृत्व में आयोजित धरने में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी मुर्दाबाद और कांग्रेस सांसद को पार्टी से निलंबित करो के नारे लगाए। साथ ही राष्ट्रपति से मामले में कार्रवाई की मांग की। धरने के दौरान भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कथित यौन उत्पीड़न के मामले में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय की ओर से कार्रवाई किए जाने के बावजूद कांग्रेस ने अपने सांसद के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। नेताओं ने कांग्रेस पर आरोपी सांसद को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए उनकी गिरफ्तारी और पार्टी से बर्खास्तगी की मांग की। बीजेपी ने कांग्रेस को घेरा बड़हरा विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सांसद पर लगे आरोपों के मामले में कांग्रेस को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि JNU की ओर से कार्रवाई किए जाने के बाद भी कांग्रेस ने सांसद को पार्टी से बर्खास्त नहीं किया है। भाजपा इस रवैये की निंदा करती है। सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुशुमलता कुशवाहा के नेतृत्व में धरना दिया गया है। जब तक कार्रवाई नहीं होती, तब तक भाजपा धरना और आक्रोश मार्च के माध्यम से राष्ट्रपति से कार्रवाई की मांग करती रहेगी। पार्टी से बर्खास्त करने की मांग वहीं, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुशुमलता कुशवाहा ने कहा कि डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम JNU के प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद हैं। उन्होंने सांसद पर विश्वविद्यालय की छात्राओं के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया। इसी के विरोध में धरने का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह विश्वविद्यालय ने मामले में कार्रवाई की है, उसी तरह कांग्रेस को भी अपने सांसद के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से बर्खास्त करना चाहिए। कुशवाहा ने कहा कि कांग्रेस महिलाओं के साथ खड़े होने की बात करती है, लेकिन उसके सांसद पर इस तरह के आरोप लगना गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि अभिभावक भरोसे के साथ अपनी बेटियों को पढ़ने के लिए भेजते हैं। ऐसे मामलों से महिलाओं की सुरक्षा और समाज में भरोसे को लेकर सवाल खड़े होते हैं। भाजपा नेताओं ने धरने के माध्यम से विरोध जताते हुए राष्ट्रपति से मामले में हस्तक्षेप करने, सांसद के खिलाफ कार्रवाई कराने और उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!