Independence Day 2026: CM Hemant Soren to Hoist Flag in Ranchi
रांची7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
रांची के मोरहाबादी मैदान में 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सीएम हेमंत सोरेन ने तिरंगा फहराया। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में युवाओं से कहा कि झारखंड के विकास की सबसे बड़ी शक्ति यहां के युवा हैं। उनकी शिक्षा, कौशल, आत्मविश्वास और सपने ही विकसित झारखंड की असली पूंजी हैं। सीएम ने कहा कि राज्य के लाखों युवा अपने सपनों को पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। उनके माता-पिता अपनी क्षमता से बढ़कर उन्हें पढ़ा रहे हैं।
ऐसे में सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है कि युवाओं की मेहनत का सम्मान हो और उनकी प्रतिभा को न्याय मिले। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं को लेकर उठ रहे सवालों का भी जिक्र किया। कहा कि जब परीक्षा व्यवस्था पर संदेह पैदा होता है तो केवल एक परीक्षा प्रभावित नहीं होती, बल्कि पूरी एक पीढ़ी का विश्वास प्रभावित होता है।
सरकार युवाओं की मेहनत को किसी माफिया, भ्रष्ट तंत्र या अनियमितता के भरोसे नहीं छोड़ेगी। परीक्षा में गड़बड़ी की जांच निष्पक्ष तरीके से होगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि बिना प्रमाण किसी को दोषी ठहराने की राजनीति भी नहीं होगी। न्याय होगा और निष्पक्ष होगा।
वार्षिक परीक्षा कैलेंडर से OMR तक होगा बदलाव
सीएम ने कहा कि केवल दोषियों को पकड़ना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। असली समाधान ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिसमें भविष्य में कोई भी युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ करने का साहस न कर सके। इसी उद्देश्य से सरकार परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की दिशा में आगे बढ़ रही है। इसके तहत समयबद्ध वार्षिक परीक्षा कैलेंडर, पारदर्शी और तकनीक-सुरक्षित परीक्षा प्रणाली, उत्तर-कुंजी और OMR की समय पर उपलब्धता तथा परीक्षा प्रक्रिया में बहुस्तरीय जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।
सीएम ने कहा कि सरकार चाहती है कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता अपवाद नहीं, बल्कि नियम बने। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों, शिक्षाविदों और अभिभावकों से भी इस बदलाव में सहभागी बनने की अपील की। कहा कि सरकार ने ‘छात्रों की बात-छात्रों के साथ’ अभियान शुरू किया है। विद्यार्थियों के सुझाव लिए जाएंगे, विशेषज्ञों के साथ उनका अध्ययन किया जाएगा और जो सुझाव नियमों एवं संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप होंगे, उन्हें लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेहतर परीक्षा व्यवस्था वही होगी, जिसे बनाने में विद्यार्थियों की भी भागीदारी हो।
सरकारी नौकरी के साथ उद्योग-स्टार्टअप में भी अवसर
रोजगार को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में बताते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि लक्ष्य केवल सरकारी रिक्त पदों को भरना नहीं, बल्कि ऐसा झारखंड बनाना है जहां युवाओं के लिए रोजगार के कई विकल्प उपलब्ध हों। आने वाले समय में JPSC, JSSC और अन्य भर्ती एजेंसियों के माध्यम से बड़ी संख्या में नियुक्ति प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। इसके साथ उद्योग, MSME, कृषि, डेयरी, मत्स्य, पर्यटन, डिजिटल सेवाओं और स्टार्टअप के क्षेत्र में भी लाखों नए अवसर तैयार करने का लक्ष्य है।
सीएम ने कहा कि सरकार ऐसा झारखंड बनाना चाहती है, जहां हर युवा आधुनिक शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और उद्यमिता में आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान केवल खनिज संपदा से नहीं, बल्कि पारंपरिक ज्ञान, सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग से भी बनेगी। लाह, तसर, बांस, मिलेट, औषधीय पौधों और लघु वनोपज को वैल्यू एडिशन, ब्रांडिंग और बाजार से जोड़कर ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
युवाओं से अपील करते हुए सीएम ने कहा कि वे अपनी मेहनत पर विश्वास बनाए रखें। उनका परिश्रम व्यर्थ नहीं जाएगा। युवाओं के सपनों की रक्षा करना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि उनका व्यक्तिगत दायित्व भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ऐसी परीक्षा व्यवस्था तैयार की जाएगी, जिस पर अभ्यर्थियों को भरोसा, समाज को विश्वास और देश को झारखंड का उदाहरण देने का कारण मिले।

