Kullu HRTC Bus Accident | Manali to Pathankot Bus Overturns in Bashing
हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की मनाली से पठानकोट जा रही बस शनिवार सुबह कुल्लू के बाशिंग में हादसे का शिकार हो गई। पुलिस लाइन के समीप सुबह करीब 6 बजे बस अचानक सड़क पर पलट गई। इस दौरान पांच लोग घायल हो गए।
.
घायलों को इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले जाया गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में ड्राइवर और कंडक्टर समेत कुल छह लोग सवार थे। आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की।
ये लोग घायल हुए हादसे में ड्राइवर मनमोहन सिंह (42), पुत्र जोगिंद्र सिंह, निवासी गांव वहाट, चुवाड़ी घायल हुए हैं। इसके अलावा श्याम लाल (45), पुत्र लाला राम, निवासी बास्कोला कटरेन, कुल्लू, कृष्ण थापा (42), पुत्र ईमान थापा, निवासी बंदरोल, कुल्लू, छाया देवी (25), पत्नी राकेश कुमार, निवासी कुठैड़, पठानकोट और राकेश कुमार (31), पुत्र सरदारी लाल, निवासी कुठैड़, पठानकोट के घायल होने की जानकारी है। कंडक्टर प्रवीण (46), पुत्र लाभ सिंह निवासी गांव खन्नी नूरपुर को भी हल्की चोटें आई हैं।
पुलिस मौके पर पहुंची हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बस के सड़क पर पलटने की बात सामने आई है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है और बस के चालक, परिचालक तथा प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

