Punjab Chandigarh Top News; Mohali IT Raid | CM Bhagwant Mann | Canada Visa rules

Punjab Chandigarh Top News; Mohali IT Raid | CM Bhagwant Mann | Canada Visa rules


.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर मोहाली में IT कारोबारी पर ED रेड की रही। टीम को आता देख 9वीं मंजिल से कैश से भरे बैग नीचे फेंक दिए, जिससे 500-500 के नोट हवा में उड़ गए। विपक्षी दलों ने आरोप लगाया कि कि ये रुपए CM मान के OSD के हैं। वहीं, CM ने कहा कि रेड से हमारा कोई संबंध नहीं हैं।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. IT कारोबारी पर ED रेड, 9वीं मंजिल से कैश भरे बैग फेंके

मोहाली की सोसाइटी में आज (7 मई) ED की टीम ने आईटी सेक्टर में काम करने वाले एक कारोबारी के घर पर दबिश दी। ED टीम को आता देख पकड़े जाने के डर से रिहायशी टावर की नौवीं मंजिल से कैश से भरे बैग नीचे फेंक दिए गए। नीचे उनका ड्राइवर खड़ा था। ऊपर से 2 बैग फेंके गए, जिनमें 500-500 रुपए के नोटों के बंडल भरे हुए थे।

इनमें से एक बैग नीचे गिरते ही फट गया, जिससे कुछ नोट हवा में उड़ते हुए वहीं बिखर गए। एक बैग को वहां खड़ा ड्राइवर गाड़ी में डालकर भाग निकला। ED की टीम ने उसका पीछा किया लेकिन उसे पकड़ नहीं पाई। फटा बैग ED टीम ने जब्त कर लिया। उसमें से 21 लाख रुपए मिले। इस बैग की डबल पैकिंग की गई थी। जिसमें लाल रंग के बैग को सफेद रंग के बैग में पैक किया गया था।

ED टीम की रेड होते ही पंजाब की पॉलिटिक्स गर्मा गई। विरोधी दलों ने आरोप लगाया कि जिस कारोबारी नितिन गोहिल के घर रेड हुई, वह CM भगवंत मान के OSD राजबीर सिंह घुम्मन का करीबी है। यह रुपए भी OSD के ही थे। यही है इनकी कट्‌टर ईमानदारी। हालांकि शुकराना यात्रा पर निकले CM भगवंत मान ने अमृतसर में इन आरोपों को नकार दिया। (पढ़ें पूरी खबर)

2. लोड से ज्यादा बिजली खर्च करने पर जुर्माना- FIR होगी

पंजाब में बढ़ती पावर डिमांड के बीच पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) ने लोड से ज्यादा बिजली खर्च करने वाले कंज्यूमर्स पर सख्ती करने के आदेश जारी किए हैं। कंज्यूमर्स ने अगर तय लोड से 10% ज्यादा बिजली खर्च की तो 7 दिन के भीतर नोटिस मिल जाएगा। कंज्यूमर्स उसके बाद भी लगातार तय लोड से 10 प्रतिशत ज्यादा बिजली का इस्तेमाल करते रहे तो उनसे जुर्माना व अन्य खर्चे वसूले जाएंगे।

तीसरी बार में PSPCL कंज्यूमर्स के खिलाफ बिजली चोरी का केस बनाकर FIR दर्ज करवा देगा। PSPCL मैनेजेंट ने अफसरों को सख्त हिदायतें दी हैं कि अगर लगातार लोड से 10 प्रतिशत ज्यादा बिजली खर्च करने वाले कंज्यूमर्स पर कार्रवाई नहीं की तो उनके खिलाफ ही एक्शन लिया जाएगा।

पंजाब में बिजली सप्लाई सिस्टम को पटरी पर लाने और रेवेन्यू के नुकसान को बचाने के लिए PSPCL ने सप्लाई कोड-2024 में संशोधन किया है। PSPCL मैनेजमेंट ने सभी चीफ इंजीनियर्स को आदेश जारी किए हैं कि नए संसोधनों को लागू करवाएं।(पढ़ें पूरी खबर)

3. BJP ने CM को मानहानि नोटिस भेजा

अमृतसर में आर्मी कैंप और जालंधर में BSF के पंजाब हेडक्वार्टर के बाहर बम ब्लास्ट को लेकर पंजाब की राजनीति गर्माई हुई है। भाजपा ने CM भगवंत मान को मानहानि का नोटिस भेजा है। सीएम भगवंत मान ने कल (6 अप्रैल) कहा था कि यह धमाके BJP ने कराए हैं। इसको लेकर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने यह नोटिस भेजा। उन्होंने सारे प्लेटफॉर्म से बयान हटा 7 दिन में माफी मांगने को कहा है।

तरुण चुघ ने कहा- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का कल का बयान बेहद अनुचित, बेतुका और आपराधिक मानसिकता से भरा था। अपराधियों को पकड़ने के बजाय, पंजाब के मुख्यमंत्री ने इस घटना के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। CM मान ने कहा था कि अमृतसर-जालंधर में छोटे-मोटे ब्लास्ट हुए हैं। चुनाव से पहले BJP हर स्टेट में ऐसे ब्लास्ट-दंगे कराती है।

जालंधर में गुरूवार को CM मान ने फिर कहा कि जालंधर अमृतसर में जो छोटे-मोटे ब्लास्ट हुए हैं वो बीजेपी की एंट्री के संकेत हैं। ये जहां भी जाते हैं वहां लड़ाई करवाते हैं। ये हिंदू सिख को लड़ाना चाहते हैं लेकिन हम नहीं लड़ते। इसी बीच जालंधर में करीब 6 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। जिसके बाद पहले APJ स्कूल को खाली करा दिया गया। BSF स्कूल के भी प्री प्राइमरी सेक्शन में 1 घंटा पहले छुट्टी कर दी गई। (पढ़ें पूरी खबर)

4. प्रॉपर्टी डीलर का सुसाइड, 20 दिन पहले ही मां का निधन हुआ

धियाना में प्रॉपर्टी डीलर ने सुसाइड कर लिया। उन्होंने रात को सल्फास खाई। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें पास के प्राइवेट अस्पताल लेकर गए। यहां पर हालत सही न होने कारण परिवार उन्हें DMC अस्पताल ले गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रॉपर्टी डीलर की पत्नी ने कहा कि पति ने मरने से पहले एक वीडियो बनाया, जिसमें उन्होंने महिला समेत 11 लोगों के नाम लिए। इन लोगों से करोड़ों रुपए लेने थे। पैसे न देने से पति परेशान थे। वीडियो में प्रॉपर्टी डीलर ने कहा कि लेन-देन और आरोपियों की पूरी डिटेल कार में रखी है। उन्होंने रिश्तेदार को कहा कि बेटे-बेटी और पत्नी का ध्यान रखना।

मृतक की पहचान परविंदर उर्फ रिंपी अनेजा के रूप में हुई है। वह 52 साल के थे और शहीद भगत सिंह नगर में उनकी कोठी थी। 20 दिन पहले ही उनकी मां का निधन हुआ था। रिंपी का बेटा कनाडा में रहता है। सिविल अस्पताल में गुरुवार को उनका पोस्टमॉर्टम किया गया। (पढ़ें पूरी खबर)

5. सांसद अमृतपाल की मां CM तक पहुंची, हाथ पकड़ा

अमृतसर में खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह की मां ने सीएम भगवंत मान की शुकराना यात्रा के दौरान उनसे मुलाकात की। उन्होंने सीएम का हाथ पकड़कर कहा- आप भी किसी मां के बेटे हो, मेरे बेटे को पंजाब क्यों नहीं लाया जा रहा। इसी बीच उन्होंने भगवंत मान मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।

हालांकि सीएम अपने निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार आगे बढ़ गए और यात्रा जारी रही। अमृतपाल सिंह ने जेल में रहते हुए 2024 में पंजाब की खडूर साहिब लोकसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ा। अमृतपाल ने खुद प्रचार तक नहीं किया। इसके बावजूद वह 1.79 लाख वोटों चुनाव जीते।

अमृतपाल को अप्रैल 2023 में मोगा के रोड़े गांव से गिरफ्तार किया गया था। अमृतपाल पर लगी NSA के तहत नजरबंदी 22 अप्रैल 2026 को समाप्त हो चुकी है। हालांकि अभी वह असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में बंद है। (पढ़ें पूरी खबर)

6. मलाइका अरोड़ा के डांस पर फैंस बेकाबू

लुधियाना में बॉलीवुड एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा ने परफॉर्मेंस दी। मौका शहर के एक बड़े कारोबारी की एनिवर्सरी का था। मलाइका ने अपने डांस और स्टेज प्रेजेंस से मेहमानों को खूब एंटरटेन किया। मलाइका अरोड़ा को अपने बीच पाकर फैंस उनके साथ सेल्फी लेने के लिए बेकाबू होते दिखे।

बाउंसरों ने बड़ी मुश्किल से भीड़ को संभाला। कार्यक्रम में उन्होंने ‘चल छैया-छैया’, अनारकली डिस्को चली और मुन्नी बदनाम हुई, नाच पंजाबन जैसे गानों पर डांस किया। सिंगर सागर भाटिया ने भी अपनी गायकी से समां बांधा। कार्यक्रम में शहर की करीब 500 नामी हस्तियों ने शिरकत की।

कार्यक्रम में जैसे ही मलाइका ने स्टेज पर एंट्री ली, पूरा हॉल तालियों और शोर से गूंज उठा। हालांकि, सुरक्षा कारणों और व्यस्त शेड्यूल की वजह से मलाइका अरोड़ा ने केवल अपनी तय परफॉरमेंस दी और उसके तुरंत बाद वहां से रवाना हो गईं। (पढ़ें पूरी खबर)

7. गर्लफ्रेंड बोली- मुझे बेबी दे, फिर मर जा, बॉयफ्रेंड संग चैटिंग सामने आई

लुधियाना में फंसी लगाकर सुसाइड करने वाले युवक की गर्लफ्रेंड के साथ चैटिंग सामने आई हैं। युवक की मां ने कहा कहा कि गर्लफ्रेंड डेढ़ साल से उसके बेटे से बेबी की डिमांड कर रही थी। बेटा उसे कहता रहा कि तू अभी नाबालिग है, अभी ऐसा संभव नहीं है। शादी करके बेबी करेंगे। अभी चार-पांच साल रुक जा। सेट हो जाऊं।

बेटे की गर्लफ्रेंड अपनी जिद पर अड़ी रही। वह बेबी को लेकर उसकी किसी भी बात को सुनने के लिए तैयार नहीं थी। जब वह गुस्सा करती थी तो बेटा उसे कह देता था कि कोई बात नहीं बेबी दे दूंगा। यही नहीं गर्लफ्रेंड बेटे को कभी भागने को कह रही थी तो कभी शादी करने का दबाव डाल रही थी।

गीता ने बताया कि इन सब बातों का खुलासा तब हुआ जब उसके बेटे ने 27 अक्टूबर 2025 को फंदा लगाकर सुसाइड किया और उसके बाद मोबाइल का लॉक खोला। बेटे के मोबाइल में ढाई साल की चैटिंग पड़ी है। यहां तक कि एक वीडियो ऐसी भी है जिसमें उसने दबाव में आकर नस काट ली थी। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर विदेश से..

8. कनाडा में वीजा खत्म होने पर भी रुक सकेंगे पंजाबी, इमिग्रेशन के नियम बदले

कनाडा में भारतीयों विशेषकर पंजाबियों को बड़ी राहत मिली है। वर्क या स्टडी परमिट खत्म होने के बाद अब तुरंत वापस लौटने की जरूरत नहीं होगी। कनाडा की इमिग्रेशन एजेंसी IRCC ने नियमों में बदलाव करते हुए नया विकल्प दिया है। पहले परमिट खत्म होने पर व्यक्ति को उसी कैटेगरी- वर्कर या स्टूडेंट के तौर पर ही स्टेटस बहाल कराना पड़ता था।

नई नौकरी या नया कोर्स न होने की स्थिति में भारत लौटना मजबूरी बन जाता था। अब ऐसे लोग 90 दिनों के भीतर ‘विजिटर रिकॉर्ड’ के लिए आवेदन कर कनाडा में कानूनी रूप से रह सकेंगे। हालांकि, स्टेटस बहाली की प्रक्रिया पूरी होने तक उन्हें काम और पढ़ाई तुरंत बंद करनी होगी।

IRCC ने साफ किया है कि 90 दिन की समय सीमा पार होने पर यह राहत नहीं मिलेगी और डिपोर्टेशन की कार्रवाई भी हो सकती है। एक्सपर्ट सुरेश धवन ने कहा कि नए नियमों के तहत विजिटर के रूप में स्टेटस बहाल करने के लिए कुल $346.25 CAD (करीब 21,500 रुपए) की संयुक्त फीस देनी होगी। इसमें बहाली शुल्क ($246.25) और विजिटर रिकॉर्ड शुल्क ($100) शामिल है।(पढ़ें पूरी खबर) 9. कनाडा में 7 पंजाबियों पर डेढ़ करोड़ इनाम

कनाडा की सरे पुलिस सर्विस (SPS) ने 6 मई को 7 पंजाबी युवकों की फोटो जारी की है, जिन पर फिरौती मांगने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि ये युवक सरे में हुई फिरौतियों में किसी न किसी रूप में शामिल हो सकते हैं। इनमें से एक युवक को पुलिस ने 3 दिन पहले ही डिपोर्ट किया है।

पुलिस के अनुसार, ये सभी युवक भारतीय नागरिक हैं, जो गंभीर आपराधिक गतिविधियों और हिंसक नेटवर्क का हिस्सा रहे हैं। इनमें प्रभजोत सिंह (20) और लवबीर सिंह (22) को संदिग्ध गतिविधियों के कारण गिरफ्तार कर कनाडा से निष्कासित कर दिया गया।

इसके अलावा हरजोत सिंह (21), तरनवीर सिंह (19) और दयाजीत सिंह बिलिंग (21), जिन्हें 1 फरवरी 2026 को क्रेसेंट बीच पर गोलीबारी के बाद पकड़ा गया था। इसके अलावा , हर्षदीप सिंह और हंसप्रीत सिंह को 26 जनवरी की एक अन्य मामले में नामजद किया गया है। पुलिस ने अपराधियों को सजा दिलाने वाली जानकारी देने वालों के लिए 2,50,000 डॉलर यानी डेढ़ करोड़ रुपए के लगभग इनाम की भी घोषणा की है। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर हटके..

10. AAP सरपंच ने जीते ₹1 करोड़, ₹175 में खरीदी थी टिकट

फिरोजपुर जिले के गांव सरूप सिंह वाला के रहने वाले सरपंच लखविंदर सिंह को एक करोड़ रुपए का इनाम लगा है। सरपंच ने कहा कि दो दिन पहले उसके द्वारा 175 रुपए का लॉटरी का टिकट खरीदा गया था। इसके बाद वह निजी काम के लिए बाहर चला गया।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर देखा कि एक लॉटरी का विजेता लापता है। उसने अपनी टिकट का मिलान किया तो पता चला कि उसके द्वारा खरीदे गए टिकट नंबर 80B 10379 पर उसे लॉटरी का पहला 1 करोड़ रुपए का इनाम लग गया है। लॉटरी सरकारी ग्रांट की तरह मिली है।

इसके बाद उसकी खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा। वह अपने पूरे परिवार के साथ लॉटरी का टिकट लेकर जलालाबाद शाह जी लॉटरी एजेंसी के संचालकों के पास पहुंचे (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात )



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!